Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक PGI में हॉस्टल में रहने वाली 25 छात्राएं पॉजिटिव, सभी कर्मियों और विद्यार्थियों के लिए जा रहे सैंपल; और आंकड़े बढ़ने की आशंका

हरियाणा के रोहतक पीजीआईएमएस में 3 दिन के भीतर कोरोना का दूसरा बम फूटा है। इस बार यमुना हॉस्टल में एक साथ 25 छात्राएं कोरोना पॉजीटिव पाई गई हैं। शाम तक इस आंकड़े के और बढ़ने की संभावना है। एक ही हॉस्टल में इतनी छात्राओं के कोरोना पॉजीटिव पाए जाने से अन्य हॉस्टल के छात्र-छात्राओं में भी डर का माहौल है। शनिवार को इस रिपोर्ट के आते ही अस्पताल में हड़कंप मच गया है। अब हॉस्टल के सभी कर्मियों और छात्रों की सैंपलिंग की तैयारी की जा रही है।

यमुना हॉस्टल की जो 25 छात्राएं कोरोना पॉजीटिव पाई गई हैं, वह बीडीएस, फार्मेसी व एमबीबीएस कोर्स की हैं। इनमें से कुछ की परीक्षाएं चल रही हैं। ऐसे में इनके अन्य छात्र-छात्रों के संपर्क में आने से खतरा और बढ़ गया है। अनुमान है कि पॉजिटिव छात्राएं 500 से अधिक छात्र-छात्राओं के संपर्क में आई होंगी। पीजीआई प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है और स्वास्थ्य विभाग से सभी की सैंपलिंग करने के लिए कहा गया है।

यमुना हॉस्टल में कुछ छात्राओं में कोरोना संक्रमण के लक्षण नजर आने के बाद दो दिन पहले ही यहां की वार्डन ने स्वास्थ्य विभाग को फोन किया था। विभाग को सूचना दी थी कि यहां कुछ छात्राओं को कोविड-19 के लक्षण हैं। इसके बाद विभाग की टीम ने हॉस्टल में छात्राओं की सैंपलिंग की थी, जिनमें से 25 छात्राएं संक्रमित पाई गई हैं। अन्य की रिपोर्ट आनी अभी बाकी है।

यमुना हॉस्टल से तीन दिन पहले अस्पताल में डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मियों में कोरोना का बम फूट चुका है। अस्पताल में अब तक 31 स्वास्थ्य कर्मियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है, जिसमें 21 डॉक्टर भी शामिल हैं। ऐसे में अब हॉस्टल में भी इसी तरह की चेन शुरू होने से पूरे पीजीआईएमएस परिसर में चिंताजनक हालात बने हुए हैं।

Exit mobile version