रोहतक में मां के साथ किला रोड बाजार आई एक 24 वर्षीय युवती लापता हो गई। मां कपड़े की दुकान पर पसंद-नापसंद में व्यस्त रही और इस बीच युवती कहीं चली गई। युवती को काफी तलाश करने के बाद परेशान मां थाने पहुंची। वहां उसने पुलिस से कहा कि बेटी और परिवार की आबरू के वास्ते वह बेटी को तलाशने के लिए इश्तिहार नहीं दे सकती, उसे ऐसे ही तलाश किया जाए।
पीड़िता ने पुलिस को बताया है कि वह और उसकी 24 वर्षीय बेटी शुक्रवार को किला रोड बाजार में कपड़े खरीदने के लिए आई थीं। यहां एक दुकान में जब वह कपड़ों को पसंद कर रहीं थीं, तो बेटी बिना कुछ बताए दुकान से बाहर चली गई। उन्होंने सोचा किसी काम से बाहर गई होगी, लेकिन वह काफी समय तक नहीं लौटी तो उन्होंने उसे आसपास तलाश किया, उसका कुछ पता नहीं चला। रिश्तेदारों को पूछा, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका है।
पीड़ित मां ने बताया है कि उनकी बेटी के पास फोन भी है, लेकिन अभी तक उसकी लोकेशन का कोई पता नहीं चल सका है। मामले में पुरानी सब्जी मंडी थाना पुलिस का कहना है कि युवती के लापता होनी की सूचना पुलिस ग्रुपों में शेयर कर दिया गया है। जल्द ही उसे बरामद कर लिया जाएगा।

