हरियाणा सरकार के निर्देश पर रोहतक के विकास भवन स्थित डीआरडीए सभागार में बुधवार को समाधान शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें एसडीएम आशीष कुमार ने नागरिकों की समस्याएं सुनी।
समाधान शिविर में कुल 24 समस्याएं आई, जिनमें से 10 समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। एसडीएम ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करें।
एसडीएम आशीष कुमार ने परिवार पहचान पत्र से संबंधित त्रुटियों को दुरुस्त करने के बारे में निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की अधिकांश कल्याणकारी योजनाएं परिवार पहचान पत्र के साथ में जुड़ी हुई हैं । ऐसे में परिवार पहचान पत्र की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ समयबद्ध ढंग से हल किया जाए।
उन्होंने समाज कल्याण और कल्याण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पेंशन से संबंधित योजनाओं और कन्यादान आदि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को समय पर दिलाना सुनिश्चित करें। जरूरतमंद लोगों को योजनाओं का लाभ लेने में कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।
समाधान शिविर में नागरिकों ने परिवार पहचान पत्र, कन्यादान राशि, पेंशन संबंधित, बिजली, जलभराव आदि विभिन्न तरह की समस्याएं एसडीएम के समक्ष रखीं। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि वे समस्याओं के समाधान को लेकर की जाने वाली कार्रवाई की रिपोर्ट पोर्टल पर जरूर अपडेट करें। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
