Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

500 के लिए 22 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या…10-15 युवकों ने लाठी-डंडों और पाइप से किया हमला

हरियाणा के सिरसा जिले में महज ₹500 के पुराने विवाद ने एक युवक की जान ले ली। जिले के छतरियां गांव में 10-15 युवकों ने कथित तौर पर 22 वर्षीय अशोक कुमार को लाठी-डंडों और लोहे की पाइप से बुरी तरह पीटा। गंभीर रूप से घायल अशोक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। परिजनों का आरोप है कि हमलावर पहले से हत्या की साजिश रचकर आए थे और लंबे समय से उसे जान से मारने की धमकियां दे रहे थे।

घटना रविवार शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच की है। अशोक अपने बड़े भाई और ताऊ के साथ खेत से पशुओं के लिए चारा लेकर बैलगाड़ी से लौट रहा था। आरोप है कि इसी दौरान गांव के साहबराम अपने 10-15 साथियों के साथ ट्रैक्टर, कार और बाइक पर पहुंचा। सभी के हाथों में लाठी-डंडे और लोहे की पाइप थीं। आरोपियों ने रास्ता रोक लिया। अशोक का भाई और ताऊ किसी तरह बच निकले, लेकिन अशोक को पकड़कर बेरहमी से पीटा गया।

मरने से पहले बताया- ‘सिर पर मत मारो’

परिजनों का दावा है कि अशोक ने इलाज के दौरान बताया था कि हमलावर एक-दूसरे से कह रहे थे, “इसके सिर पर मत मारो, हाथ-पैर और शरीर पर इतना मारो कि यह जिंदा न बचे।” इसके बाद उसके हाथ, पैर, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों पर लगातार वार किए गए। शव पर सिर को छोड़कर लगभग पूरे शरीर पर गहरी चोटों के निशान मिले हैं।

₹500 के विवाद से शुरू हुआ झगड़ा

परिजनों और सरपंच प्रतिनिधि विजय कुमार के अनुसार करीब एक साल पहले खेत में हुए विवाद के दौरान पड़ोसी साहबराम ने अशोक और उसके भाई पर ट्रैक्टर से ₹500 उठाने का आरोप लगाया था। इस मामले में कई पंचायतें भी हुईं और समझौता हो गया था, लेकिन साहबराम कथित तौर पर लगातार अशोक को धमकाता रहा।

विदेश जाने की कर रहा था तैयारी

अशोक दो भाइयों में छोटा था और अविवाहित था। वह पढ़ाई कर रहा था तथा विदेश जाने की तैयारी में जुटा था। उसके पिता बनवारी लाल खेती-बाड़ी करते हैं।

इलाज में लापरवाही का भी आरोप

परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर समय पर इलाज नहीं देने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि समय पर बेहतर उपचार मिलता तो अशोक की जान बच सकती थी।

गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार नहीं

घटना के बाद पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे और प्रदर्शन करेंगे।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Exit mobile version