Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

अमित शाह के करनाल दौरे से पहले 22 लोग हिरासत में, ब्राह्मण सभा के प्रधान भी शामिल; काले झंडे दिखाने का था ऐलान

करनाल। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के करनाल दौरे से पहले पुलिस ने 22 लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें ब्राह्मण सभा के प्रधान सुरेंद्र बडौत भी शामिल हैं। इन लोगों ने UGC के नए नियमों को वापस लेने की मांग को लेकर अमित शाह के कार्यक्रम में काले झंडे दिखाकर विरोध करने का ऐलान किया था।

पुलिस की टीमें बुधवार रात और गुरुवार सुबह संबंधित लोगों के घरों और अन्य स्थानों पर पहुंचीं। उन्हें हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया। पुलिस का कहना है कि कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका के चलते एहतियातन यह कार्रवाई की गई है।

UGC नियमों के विरोध में काले झंडे दिखाने की तैयारी

प्रदर्शनकारियों ने वॉट्सऐप संदेशों और प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से गृह मंत्री के दौरे पर विरोध जताने की घोषणा की थी। वे UGC के नए नियमों को वापस लेने की मांग कर रहे थे।

हिरासत में लिए गए लोगों में ब्राह्मण सभा के प्रधान सुरेंद्र बडौत के अलावा राकेश शर्मा और मोहर सिंह राणा सहित अन्य लोग शामिल बताए गए हैं।

डीएसपी गोरखपाल राणा ने बताया कि करीब 20 से 22 लोगों को एहतियातन हिरासत में लिया गया है। इन लोगों ने काले झंडे दिखाने और विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया था। पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे विरोध पर अड़े रहे। पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।

दोपहर करीब 12 बजे करनाल पहुंचेंगे अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को हेलीकॉप्टर से करनाल पहुंचेंगे। उनका हेलीकॉप्टर NDRI में उतरने का कार्यक्रम है। इसके बाद वे कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज होते हुए सेक्टर-12 पहुंचेंगे, जहां से पदयात्रा में शामिल होंगे।

रिपोर्ट के अनुसार, पहले पदयात्रा का रूट करीब 1.4 किलोमीटर निर्धारित किया गया था, जिसे घटाकर लगभग 300 मीटर कर दिया गया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा की हरियाणा प्रभारी स्मृति ईरानी भी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए करनाल पहुंच चुके हैं।

1300 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा

गृह मंत्री के दौरे को देखते हुए करनाल में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। करीब 1300 महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें 7 एसपी, 16 डीएसपी और 10 पुलिस कंपनियां शामिल हैं।

कार्यक्रम स्थल और आसपास CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही है। कमांडो दस्ते और एंटी-सबोटाज टीमें भी जांच में जुटी हैं। शहर के होटल, धर्मशालाओं और संदिग्ध स्थानों की तलाशी ली जा रही है। कार्यक्रम स्थल के प्रवेश द्वारों पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं। सादे कपड़ों में पुलिस और CID कर्मचारी भी तैनात रहेंगे।

करनाल के 6 प्रमुख रास्ते रहेंगे बंद

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के मद्देनजर शहर के छह प्रमुख स्थानों से गुजरने वाले रास्तों को बंद रखने की व्यवस्था की गई है। इनमें NDRI चौक, अंबेडकर चौक, महात्मा गांधी चौक, माल रोड, ITI चौक और निर्मल कुटिया चौक शामिल हैं।

करनाल के बाद अंबाला जाएंगे अमित शाह

करनाल कार्यक्रम के बाद अमित शाह अंबाला जाएंगे। वहां दोपहर 3 बजे करीब 600 करोड़ रुपये की लागत से बने शहीद स्मारक का लोकार्पण करेंगे। उनके दौरे को लेकर दोनों जिलों में पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की हुई है।

Exit mobile version