Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

PM किसान निधि योजना की 20वीं किस्त जारी, हरियाणा के 16.77 लाख किसानों के खातों में पहुंचे 353 करोड़ रुपए

 पी.एम. किसान सम्मान निधि के तहत हरियाणा के 16 लाख 77 हजार किसानों के खातों में 353 करोड़ रुपए की राशि डाली गई है। किसानों को 2-2 हजार रुपये की तीन किस्तों के रूप में सीधी सहायता दी जाती है। पंचकूला में पी.एम. किसान उत्सव दिवस राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए। इसके अलावा समारोह में कैबिनेट एवं राज्य मंत्रियों ने शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा किसानों को दिए गए संबोधन को सुना गया।

नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा जारी 20वीं किस्त का वितरण केवल एक वित्तीय सहायता नहीं, बल्कि देश के किसानों को दिए गए भरोसे का प्रमाण है। यह उस संकल्प की पुनः पुष्टि है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अन्नदाता के कल्याण के लिए लिया है। मुख्यमंत्री ने 20वीं किस्त जारी करने के लिए प्रदेश के किसानों की ओर से प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए 4 स्तम्भों पर विशेष जोर दिया है। इनमें किसान, गरीब, महिला व युवा शामिल हैं। प्रथम स्तम्भ किसानों की समृद्धि से ही इस संकल्प को पूरा किया जा सकता है। प्रधानमंत्री के इसी विजन को साकार करने के लिए हरियाणा सरकार किसानों की खुशहाली और कृषि क्षेत्र को लाभकारी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं को भी कारगर ढंग से लागू कर रहे हैं। ये योजनाएं हमारी डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक हैं। हरियाणा सरकार प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत-विकसित हरियाणा को और गति से आगे बढ़ा रही है

Exit mobile version