Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में आज 20 हजार मेडिकल स्टोर बंद: ई-फार्मेसी और ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में हड़ताल, इमरजेंसी सेवाएं रहेंगी जारी

दवाइयों की ऑनलाइन बिक्री के विरोध में हरियाणा स्टेट ड्रगिस्ट एंड केमिस्ट एसोसिएशन ने बुधवार को सभी जिलों में मेडिकल स्टोर बंद रखने का ऐलान किया है। राज्य में लगभग 20 हजार मेडिकल स्टोर हैं।

गंभीर मरीजों को दवा उपलब्ध कराने की व्यवस्था बनी रहेगी, और अस्पतालों के अंदर संचालित केमिस्ट शॉप, जन औषधि केंद्र तथा मेडिकल चेन स्टोर खुले रहेंगे।

कुछ केमिस्ट एसोसिएशनों ने इस हड़ताल से दूरी बना ली है। पंचकूला में सभी दवा दुकानें सामान्य रूप से खुली रहेंगी, इसलिए स्थानीय स्तर पर मरीजों को दवाओं की उपलब्धता प्रभावित नहीं होगी।

हरियाणा के ड्रग कंट्रोलर सिपुन मेहला ने कहा कि अस्पतालों के भीतर बनी केमिस्ट शॉप, प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र और मेडिकल फार्मेसी चेन की दुकानें खुली रहेंगी। उन्होंने केमिस्ट एसोसिएशनों से यह भी अपील की है कि वे गंभीर और आपातकालीन स्थिति वाले मरीजों को दवा देने से इनकार न करें।

हरियाणा स्टेट ड्रगिस्ट एंड केमिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष मनजीत शर्मा ने कहा कि ऑनलाइन दवाओं की बिक्री तेज़ी से बढ़ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि यह स्पष्ट नहीं है कि ऑनलाइन दवा बेचने वाली कंपनियों के पास आवश्यक लाइसेंस हैं या नहीं। अनियंत्रित ऑनलाइन बिक्री के कारण पारंपरिक मेडिकल स्टोर संचालकों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है।

एसोसिएशन के अनुसार, दवा निर्माता कंपनियों के साथ समझौते के तहत मेडिकल स्टोर संचालकों को सामान्य तौर पर 18 से 20 प्रतिशत तक का मार्जिन मिलता है, जबकि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म 30 प्रतिशत तक की छूट देकर बाजार पर कब्जा कर रहे हैं। इससे छोटे और मध्यम स्तर के केमिस्टों के सामने कारोबार बचाए रखना एक चुनौती बन गया है।

Exit mobile version