रोहतक के गांव बहू अकबरपुर में अब लोगों को पानी की किल्लत का सामना नहीं करना पड़ेगा। हर घर जल योजना के तहत अब गांव के हर घर में पानी आएगा। इसके लिए 50-50 हॉर्सपावर की दो मोटर शुरू हो गई है, जिससे गांव में पानी की आपूर्ति होगी और लोगों को पानी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
बता दें कि गांव बहू अकबरपुर में पहले 40-40 हॉर्सपावर की मोटर लगाने की योजना था, जो गांव की बढ़ती आबादी को देखते हुए पानी की जरूरत को पूरा करने में सक्षम नहीं थी।
गांव में पानी की समस्या बहुत पुरानी है, जिसका समाधान छोटी मोटरों से नहीं होता। ऐसे में सरकार व प्रशासन ने लोगों की जरूरत को समझा और अब 50-50 एचपी की मोटर लगाई है, जिससे पानी की आपूर्ति होगी।
गांव बहू अकबरपुर में पिछले 20 सालों से लोगों को पानी खरीदना पड़ रहा था, जिसके कारण हर माह करीब 12 से 15 लाख रुपए खर्च किए जाते थे। इससे लोगों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था। इसके बारे में कई बार सरकार को ज्ञापन दिया गया, लेकिन समाधान नहीं हुआ। आखिर में 2023 के अंदर सरकार ने एक नया बुस्टर स्टेशन पास किया, जिससे गांव के एक चौथाई हिस्से में पानी की आपूर्ति शुरू हो सकी।
गांव बहू अकबरपुर में सरकार की तरफ से 15 करोड़ रुपए की योजना को मंजूरी दी गई है, जिसमें गांव के अंदर करीब 20 किलोमीटर नई पाइप लाइन बिछाई जा रही है। साथ ही पुराने व क्षतिग्रस्त तालाबों को दो से तीन फुट तक ऊंचा करके उनका नए सिरे से निर्माण करवाया जा रहा है। इस परियोजना के पूरा होने के बाद गांव में लोगों को पानी खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी
गांव बहू अकबरपुर के मोखरा मंडल मीडिया प्रभारी भाजपा सुभाष बलहारा ने बताया कि गांव में पानी की समस्या का स्थायी समाधान करवाया गया है। दो मोटरें नहर से पानी को लिफ्ट करने के लिए शुरू की गई है। साथ ही गांव में 15 करोड़ की लागत से पाइप लाइन बिछाई जा रही है, जिससे हर घर जल योजना को पूरा किया जाएगा।
