रोहतक। सहकारिता एवं जेल मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने वीरवार को जिला विकास भवन में दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि जिले की 20 हजार व प्रदेश में करीब 21 लाख महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा। फिलहाल एक लाख रुपये तक की पारिवारिक आय वाली महिलाएं योजना के लिए आवेदन कर सकती हैं। शेष महिलाओं के लिए भी योजना जल्द शुरू की जाएगी।
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि यह योजना दीनदयाल उपाध्याय को समर्पित है। उनके नाम पर ही इस योजना का नाम दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना रखा गया है। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष कहता था, लाडो लक्ष्मी योजना शुरू नहीं होगी लेकिन सीएम सैनी ने बजट में लाडो लक्ष्मी योजना के लिए पांच हजार करोड़ का प्रावधान कर साफ कर दिया था। उन्होेंने महिलाओं से मोबाइल फोन से ही आवेदन करने की अपील की।
इससे पहले सहकारिता मंत्री ने नागरिक अस्पताल का दौरा किया और कहा कि प्रदेश के नौ अस्पतालों का जीर्णोद्धार के बाद उद्घाटन किया गया है। इससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। रोहतक के नागरिक अस्पताल में चार करोड़ की लागत से निर्माण कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होेंने महिलाओं को स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार मिशन के तहत 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक चले निशुल्क स्वास्थ्य जांच का लाभ लेने की अपील की। इस दौरान उपायुक्त सचिन गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका व अन्य उपस्थित रहे।
भाजपा जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका ने कहा कि मुख्यमंत्री सैनी की तरफ से पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना का शुभारंभ कर प्रदेश की महिलाओं को तोहफा दिया है। योजना के तहत 23 से 60 वर्ष की अंत्योदय परिवारों की पात्र महिलाओं को योजना का लाभ मिलेगा। पंजीकरण कराने वाली महिलाओं को 1 नवंबर से 2100 की राशि सीधे बैंक खाते में मिलेगी।
जिला प्रशासन की तरफ से आयोजित समारोह में स्वास्थ्य विभाग के अलावा अन्य संबंधित विभागों ने स्टॉल लगाए। डॉ. अरविंद शर्मा ने इनका अवलोकन किया। उन्होंने स्थानीय स्तर पर लगभग 50 करोड़ के विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इनमें पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के अस्पताल की लांड्री, पंडित भगवत दयाल शर्मा की प्रतिमा व प्रवेश द्वार, आवासीय भवन, अस्पताल में रसोई घर, सम्मेलन कक्ष व नागरिक अस्पताल के भवन के पुनरुद्धार कार्य शामिल हैं। अस्पताल में 1500 व्यक्तियों की क्षमता की ओपीडी की सुविधा है।
