Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सवारी बन ई-रिक्शा में बैठे 2 युवक :RT ऑफिस के पास चालक को बनाया बंधक, बीच में आए राहगीर को मारे चाकू

रोहतक के रेलवे स्टेशन से ई-रिक्शा को बुक कर दो बदमाशों ने चालक के मुंह और हाथ पर टेप लगाकर उसे खेत में फेंक दिया। वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने लूटपाट का विरोध किया, जिस पर आरोपितों ने राहगीर पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। न्यू राजेंद्रा कालोनी के रहने वाले करण ने बताया कि वह ई-रिक्शा चलाता है, जो किराये पर ले रखी है। वह रेलवे स्टेशन के बाहर खड़ा हुआ था। जहां पर दो युवक मिले। उन्होंने आरटीए कार्यालय के पास जाने के लिए कहा। जिस पर करण ने 150 रुपये किराया मांगा। दोनों युवक ई-रिक्शा में बैठ गए।

आरटीए कार्यालय के नजदीक पहुंचते ही उन्होंने ई-रिक्शा को रुकवा लिया, जिसके बाद चाकू दिखाकर उसके मुंह और हाथ पर टेप लगा दी। आरोपित उसे ज्वार के खेत में ले गए और उसे धक्का देकर ई-रिक्शा लूटकर भागने लगा। पीड़ित ने किसी तरह मुंह से टेप हटाई और शोर मचा दिया। तभी बाइक सवार एक राहगीर ने उनका पीछा कर ई-रिक्शा को रूकवा लिया। राहगीर ने आरोपितों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन इसी बीच एक आरोपित ने राहगीर की कमर पर चाकू से वार कर दिया।

इसमें वह घायल हो गया। मौका पाकर दोनों आरोपित ई-रिक्शा को वहीं पर छोड़कर भाग गए। जाते समय आरोपितों ने ई-रिक्शा के गल्ले में रखे रुपये भी लूट लिए। घायल युवक की पहचान कन्हेली गांव निवासी सुमित के रूप में हुई। जिसे पीजीआइएमएस में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर शिवाजी कालोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपितों की तलाश की, लेकिन आरोपितों का कोई पता नहीं चल सका। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

घायल का उपचार पीजीआइएमएस में चल रहा है। अज्ञात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की तलाश की जा रही है। जल्दी ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।

– इंस्पेक्टर शमशेर सिंह, थाना प्रभारी शिवाजी कालोनी

Exit mobile version