हरियाणा के रोहतक जिले की पुलिस के हाथ एक बड़ी सफलता लगी है। पुलिस ने करीब 69 किलो डोडा पोस्त के साथ दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। जबकि उनका तीसरा साथी भागने में कामयाब रहा। गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि भागने वाला शख्स मुख्य आरोपी है। शिवाजी काॅलोनी थाने में मामला दर्ज किया गया है। एंटी व्हीकल थैफ्ट की टीम को सूचना मिली कि झज्जर रोड जलेबी चौक के पास 3 युवक बैठे हुए हैं, जो नशीला पदार्थ लिए हुए हैं और किसी वाहन का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलने पर ASI बलजीत ने अपनी टीम के साथ घेराबंदी करके दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी भागने में कामयाब हो गया।
पकड़े गए दोनों आरोपियों की पहचान सुनारिया गांव निवासी सागर और झज्जर जिले के घाटी दादरी निवासी अजय के रूप में हुई। फरार होने वाला तीसरा आरोपी सुनारिया गांव का रहने वाला रोहित है। वह इस मामले का मुख्य आरोपी है। आरोपियों के पास से 69 किलो डोडा पोस्त बरामद हुआ। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रोहित यह माल लेकर आया था। माल रोहतक में कई होटलों और अन्य स्थानों पर सप्लाई होना था। आरोपी खुद भी होटल चलाते हैं। आरोपियों की योजना थी कि होटल पर आने-जाने वाले लोगों को महंगे दामों पर नशीला पदार्थ उपलब्ध करा दिया जाए। इसके अलावा ट्रक चालकों को भी यह माल बेचा जाना था।
गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों ने पुलिस को प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि वे बिहार से यह डोडा पोस्त लाए थे। पिछले पांच माह से यह धंधा कर रहे हैं। रोहतक के हजारों युवाओं को बड़ी मात्रा में नशा सप्लाई कर चुके हैं। अनेकों युवा ऐसे थे, जिन्हें पहली बार इन्होंने ही नशा उपलब्ध कराया है। फिलहाल मुख्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले की चेन का पता लगा पाएगा।

