Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में 2 महिलाओं ने किया सुसाइड: एक की ब्यूटी पार्लर में लटकी मिली लाश, दूसरी ने मकान में फांसी का फंदा लगाया,पुलिस ने जांच की शुरू

रोहतक में दो अलग-अलग जगहों पर महिलाओं ने अलग-अलग कारणों के चलते फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। एक मामला कबीर कॉलोनी के अंदर ब्यूटी पार्लर का है, तो दूसरा कृष्णा कॉलोनी में एक मकान का है। सूचना पाकर पुलिस व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

सिटी थाना क्षेत्र में कृष्णा कॉलोनी के अंदर एक मकान में महिला ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 40 वर्षीय सुनीता पत्नी सतीश के रूप में हुई। मृतका के पति सतीश ने बताया कि सुनीता के पिता का पिछले महीने ही देहांत हो गया था, जिसके बाद से सुनीता मानसिक रूप से तनाव में थी। इसी तनाव के चलते सुनीता ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या की है।

सूचना पाकर सिटी थाना पुलिस व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। सिटी थाना के एसएचओ राजकुमार ने बताया कि महिला के फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की गई है।

एक मामले में कबीर कॉलोनी में ब्यूटी पार्लर के अंदर महिला ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान एकता कॉलोनी निवासी 36 वर्षीय सोनिया पत्नी सोमपाल के रूप में हुई, जो कबीर कॉलोनी में ब्यूटी पार्लर का काम करती थी। मृतका एक 15 साल का लड़का, 11 साल व 8 साल की दो लड़की है। महिला के आत्महत्या करने के पीछे के कारणों का पता नहीं चल सका है।

थाना अर्बन एस्टेट एसएचओ प्रदीप ने बताया कि ब्यूटी पार्लर के अंदर महिला के आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। महिला के परिवार की तरफ से कोई शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस ने इत्तफाकिया कार्रवाई कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

Exit mobile version