हरियाणा के रोहतक शहर में कार सवार तीन बदमाशों ने स्कूल से स्कूटी पर घर लौट रहे दो छात्रों का पीछा कर उन्हें कार से टक्कर मारकर गिरा दिया। इसके बाद दोनों छात्रों से गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। एक छात्र की जेब से 500 रुपये का नोट लूट कर भाग गए। छात्रों ने वारदात की सूचना परिजनों को दी। मौके पर आए परिजनों ने पुलिस को बुलाया। पुलिस ने बदमाशों पर केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
शहर की जनता कॉलोनी के रहने वाले सुरेंद्र कुमार ने पुलिस चौकी मॉडल टाउन में केस दर्ज कराते हुए बताया है कि उनका भतीजा पीयुष व उसका साथी गौरव आचार्य मॉडल टाउन में ही एक स्कूल में 10 वीं कक्षा के छात्र हैं। बुधवार शाम चार बजे दोनों स्कूल से घर के लिए इलेक्ट्रिक स्कूटी से लौट रहे थे। स्कूटी भतीजा पीयूष चला रहा था। कमल कॉलोनी के पास एक कार में सवार तीन बदमाश उनका पीछा करने लगे।
कार को पीछे आते देख पीयूष ने स्कूटी को तेजी से चलाया, लेकिन बदमाशों ने कार को और तेज करके पीयूष की स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कूटी से पीयूष व उसका साथी गौरव सड़क पर गिर गए। उन्हें हल्की चोटें आईं। कार से उतरे तीनों बदमाशों ने उनसे गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। इसके बाद एक बदमाश ने पीयूष की जेब से 500 का नोट निकाल लिया। वारदात के बाद तीनों बदमाश कार में सवार होकर फरार हो गए।
पीड़ित छात्र पीयूष के चाचा सुरेंद्र कुमार का कहना है कि उनको भतीजे व उसके साथी छात्र की सुरक्षा की चिंता है। कहीं बदमाश दोबारा इन दोनों छात्रों से मारपीट न कर दें। पुलिस से बदमाशों को जल्द पकड़ने की अपील की है। मामले में मॉडल टाउन पुलिस का कहना है कि कॉलोनी में सड़क किनारे लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा।

