रोहतक में घर से खेलने के लिए निकले 2 सगे भाई संदिग्ध हालात में लापता हो गए थे। पुलिस जांच के अनुसार दोनों भाई नहर में डूबे हैं। दोनों भाइयों की तलाश के लिए NDRF टीम जुटी हुई है। लेकिन अभी तक टीम के हाथ खाली हैं।
दोनों भाई खेलने के लिए घर से निकले थे। लेकिन वे खेलने के बाद नहर में नहाने के लिए चले गए। इस दौरान जब वे नहर में स्नान करने के लिए उतरे तो तेज बहाव के कारण डूब गए। फिलहाल दोनों की तलाश जारी है।
उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर के गांव जांडखेड़ा निवासी मोनू ने अपने दो बच्चे लापता होने की शिकायत शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस में दी। शिकायत में बताया कि वह फिलहाल रोहतक की न्यू जनता कॉलोनी में रहता है।
वहीं पिछले करीब 10 साल से अपने बच्चों के साथ यहां रह रहा है। उसके पास दो बच्चे हैं। बड़ा बेटा करीब 15 वर्षीय हिमांशु व छोटा बेटा करीब 12 वर्षीय निकित है। हिमांशु अब 9वीं कक्षा पास करके 10वीं कक्षा में हुआ है और निकित छठीं कक्षा पास करके 7वीं में हुआ है।
उन्होंने बताया कि रविवार को उसके दोनों बेटे सुबह करीब 11 बजे खेलने के लिए घर से गए थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। जब दोपहर बाद करीब 3 बजे तक जब बच्चे घर नहीं आए तो परिजनों ने उनकी तलाश आरंभ कर दी। लेकिन कहीं पर कोई सुराग नहीं मिला।
जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दे दी। दोनों बच्चे लापता होने के बाद परिवार भी दुखी है और उन्हें खोजने के लिए हर प्रयास कर रहा है। इधर, शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज करके दोनों बच्चों की तलाश शुरू कर दी।
शिवाजी कॉलोनी थाना के जांच अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि हिमांशु व निकित घर से खेलने निकले। इसके बाद दोनों बच्चे नहर में नहाने के लिए चले गए। जो पानी का बहाव तेज होने के कारण डूब गए। इसका पता लगते ही एनडीआरएफ टीम को बुलाया गया। वहीं पुलिस दोनों बच्चों की एनडीआरएफ टीम के साथ नहर में तलाश में जुटी है।
