Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

करनाल में यमुना में पिता के साथ पूजा करने आए यमुना में डूबे 2 सगे भाई, तलाश जारी

घरौड़ा के लालुपुरा के पास यमुना में दो सगे भाइयों के डूबने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलने के बाद गांववासियों ने यमुना में सर्च अभियान चलाकर दोनों भाइयों की तलाश शुरू की। दोनों भाई अपने पिता के साथ यमुना की पूजा करने के लिए आए थे। युवक रविवार को सुबह दस बजे डूबे थे और आज सोमवार तक भी दोनों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। 

बताया जा रहा है कि जैसे ही वह यमुना किनारे मिट्टी के टिल्ले पर बैठकर हाथ धोने लगे तभी मिट्टी का टिल्ला ढह गया और बड़ा भाई दीपक यमुना में डूब गया। जिसे डूबता देख छोटा भाई भी अपने भाई को बचाने के लिए यमुना में कूद पड़ा, लेकिन दोनों में से किसी को भी तैरना नहीं आता था तथा वह दोनों डूबने लगे। अपने दोनों बच्चों को यमुना में डूबता देख उनके पिता ने भी छलांग लगा दी, लेकिन पिता को भी तैरना नहीं आता था। वह भी हाथ पांव मारकर यमुना से किसी तरह बाहर निकल आया। 

रिश्तेदार राजकुमार शर्मा ने बताया कि दीपक व प्रशांत अपने पिता के साथ गांव पीर बड़ौली में पीर बाबा की मजार पर मत्था टेकने के लिए आए थे, लेकिन वह यूपी साइड वाले पीर पर चले गए। वहां पर मत्था टेकने के बाद मजार पर बैठे भक्त ने उन्हें यमुना की पूजा करने के लिए कहा था। तीनों लालुपुरा घाट की दूसरी तरफ यानी यूपी साइड में यमुना के किनारे पूजा के लिए बैठे और तभी मिट्टी का टिल्ला ढह गया और दोनों युवक यमुना में बह गए। पिता ने दोनों को बचाने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो पाया। 

वहीं परिजनों का आरोप है कि वह रविवार से ही यमुना के किनारे बैठे हुए है लेकिन ना तो हरियाणा प्रशासन की तरफ से मदद मिल पा रही है और ना ही यूपी प्रशासन की तरफ से। वहीं स्थानीय ग्रामीणों की मानें तो लालुपुरा घाट पर यमुना की गहराई बहुत ही ज्यादा है और लोगों को यहां पर नहाने से रोका भी जाता है लेकिन लोग मानते भी नहीं है। दशहरे वाले दिन भी डिंगर माजरा का एक युवक पांव फिसलने की वजह से यमुना में डूब गया था। जिसका शव चार दिन बाद मिला था।

Exit mobile version