रेवाड़ी में 10 दिन पहले ज्वैलर्स के शोरूम में डकैती डालने वाले दो बदमाशों को क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (CIA-2) की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गुरुग्राम के हाजीपुर पातली गांव निवासी वेदपाल और रोहतक के सूर्य नगर निवासी सचिन के रूप में हुई है।
दोनों को गुरुवार को कोर्ट में पेश कर लूटे गए सोने और हथियारों की बरामदगी के लिए रिमांड पर लिया गया है। डीएसपी बावल सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि इस डकैती के मामले को सुलझाने के लिए एसपी ने पांच टीमों का गठन किया था। ये सभी टीमें बदमाशों को पकड़ने के लिए पिछले 10 दिनों से अलग-अलग जगहों पर दबिश दे रही थीं।
सीआईए धारूहेड़ा की टीम ने आज दो आरोपियों वेदपाल और सचिन को गिरफ्तार किया है। इनमें वेदपाल का आपराधिक रिकॉर्ड है, जबकि सचिन पर पहले कोई मामला दर्ज नहीं है। उसके पिता रोहतक में ऑटो चलाते हैं, जबकि वह खुद पहलवानी करता था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कोमल ज्वैलर्स के शोरूम पर लूट व फायरिंग की वारदात को रेकी के बाद अंजाम दिया था। आरोपियों ने 10 नवंबर को संडे के दिन शोरूम की रेकी की थी। उसके अगले दिन वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस से बचने के लिए दोनों दिन आरोपियों ने अलग-अलग कपड़े पहने। हालांकि पुलिस ने बाजार में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान की और फिर टेक्निकल टीम की मदद से आरोपियों को पकड़ लिया। आरोपियों के पास जो दो बाइकें दिखाई दी थी, उनमें एक चोरी की और दूसरी उनकी खुद की थी। आरोपियों से लूटा गया सोना, बाइक और हथियार बरामद किए जाने हैं।
बता दें कि 11 नवंबर की सुबह करीब पौने 12 बजे आरोपियों ने बावल के कटला बाजार स्थित कोमल ज्वैलर्स में घुसकर लूट की वारदात की थी। शोरूम मालिक प्रीतम सिंह सोनी और उनका बेटा हरेंद्र एक ग्राहक को सोने के आभूषण दिखा रहे थे।
तभी बदमाशों ने धावा बोला और तीन राउंड फायरिंग करते हुए 50 ग्राम सोना, एक किलोग्राम चांदी के अलावा 30 हजार रुपए कैश लूट लिए थे। साथ ही बदमाशों की फायरिंग में एक गोली हरेंद्र को लग गई थी। इस मामले में पुलिस ने लूट सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया था।
