सोनीपत में आपराधिक मामलों में एकदम से इजाफा होने के चलते आम जनता में डर का माहौल बन गया है। बीती देर शाम सोनीपत के हेम नगर में एक व्यापारी से उसके स्टोर में घुसकर दो अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के बल पर आठ लाख रुपए की लूट की वारदात को अंजाम दे डाला। बदमाशों की यह करतूत स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस व क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।

व्यापारी यशपाल ने बताया कि मैं हेमनगर में शिव शक्ति ट्रेडिंग कंपनी के नाम से सिगरेट व जॉकी के माल की सप्लाई करने का काम करता हूं। शाम को मेरी दुकान में दो युवक आते है जिसमें से एक ने हेलमेट डाल रखा था तो दूसरे ने मास्क लगा रखा था। दोनों के हाथ में हथियार थे और मुझे जान से मारने की धमकी देते हुए दोनों मेरे से 8 लाख रुपए लूट कर ले गए है और जाते वक्त मेरे स्टोर का दरवाजा बाहर से बंद करके चले गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
