रोहतक में एक दुकान के बाहर अपनी साइकिल खड़ी करके सब्जी खरीद रहे बुजुर्ग को 30 हजार रुपए की चपत लग गई। एक्टिवा सवार दो बदमाश उसकी साइकिल पर लटका बैग लेकर नौ-दो ग्यारह हो गए। साइकिल सवार बुजुर्ग व अन्य राहगीरों ने उनका पीछा भी किया, लेकिन बदमाशों को पकड़ नहीं सके। पीड़ित बुजुर्ग ने ओल्ड थाना सब्जी मंडी में बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कराया ।पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

शिकायतकर्ता बुजुर्ग सतपाल सैनी, निवासी लाढौत रोड ने रोहतक पुलिस को बताया है कि शनिवार शाम वह अपनी साइकिल पर बैंक से रुपए निकालने गए थे। रुपए निकालने के बाद एक थैले में उन्हें रखकर साइकिल के हैंडल पर लटका लिया। मार्ग में सैनी स्कूल के पास साइकिल को स्टैंड पर लगाकर सब्जी खरीदने लगे।

इस बीच पीछे से आए एक्टिवा सवार दो बदमाशों ने तेजी से साइकिल के हैंडल पर झपट्‌टा मारते हुए बैग को निकाल लिया। जब तक वह बदमाश को पकड़ने आगे बढ़े बदमाश बैग को लेकर एक्टिवा पर तेजी से भागे। कुछ राहगीरों ने भी थोड़ी दूर तक उनका पीछा भी किया, लेकिन एक्टिवा सवार बदमाश जल्द ही बहुत दूर निकल गए।

पीड़ित सतपाल सैनी ने बताया कि बैग में पैसों के साथ-साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक की चेक बुक, पेंशन के सारे कागजात आदि भी रखे थे। बदमाश उन्हें भी ले गए हैं। मामले में थाना ओल्ड सब्जी मंडी पुलिस का कहना है कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है। बदमाशों की तलाश की जा रही है।

You missed

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!