Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक गैंगवार केस में 2 बदमाश गिरफ्तार:छाजू गैंग को दिए थे 7 हथियार-100 गोलियां; अनिल छिप्पी के गुर्गे को मारा था

हरियाणा के रोहतक में पुलिस ने गांव कारौर में युवक की गोलियां मार कर हत्या करने की वारदात में शामिल रहे 2 आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। उनको कोर्ट में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। सीआईए-1 स्टाफ की टीम द्वारा घटनास्थल को रीक्रिएट किया व वारदात बारे अहम जानकारी हासिल की।

सीआईए-1 प्रभारी इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि दिवाली वाले दिन 12 नवंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव कारोर में एक युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मृतक युवक की पहचान कारौर निवासी मोहित के रूप में हुई। मृतक के पिता अजीत की शिकायत पर थाना आईएमटी में मामला दर्ज किया गया था।

सीआईए-1 के एएसआई विनोद दलाल ने मामले में कार्रवाई करते हुए गाजियाबाद के सरस्वती विहार हाल दिल्ली के नेहरू विहार निवासी हारुण व फरीदाबाद के गांव मुंझेड़ी निवासी सोनू को फरीदाबाद जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर अरेस्ट किया गया है। इन दोनों पर आरोप है कि इन्होंने हत्यारोपी जतिन को हथियार सप्लाई किए थे। सोनू ने करीब 100 गोली व हारुण ने 7 अवैध हथियार सप्लाई किए थे। पुलिस जतिन सहित 4 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

प्रारंभिक जांच मे सामने आया कि 12 नवंबर को दोपहर करीब 1 बजे मोहित बाइक से खेत में गया था। अजीत ने मोहित को घर के काम से वापस घर बुला लिया। मोहित जब खेत से वापस आ रहा था तो वह गांव में कुम्हारों वाली गली के पास पहुंचा तो जतिन, कपिल, पुलकित व अन्य युवक अपने हाथों में हथियार लिए हुए आए। जतिन व उसके साथियों ने पीछे से मोहित पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

मोहित अपनी जान बचाने के लिए गली में भागा तो युवकों ने पीछा कर मोहित पर कई फायर किए। अजित व अनिकेत मोहित को बचाने के लिए भागे तो युवकों ने उन पर भी फायरिंग की। मोहित के गिरने के बाद युवकों ने काफी फायर किए और मौके से फरार हो गए। गोली लगने के कारण मोहित की मौके पर ही मौत हो गई।

Exit mobile version