हरियाणा में लड़कियों की शादी में कन्यादान देने के बदले फर्जीवाड़ा की स्कीम चला रहे 2 मौलानाओं ने 1400 लोगों से 14 करोड़ रुपए ठग लिए। इसका खुलासा तब हुआ, जब एक शिकायत के बाद पलवल के रहने वाले ये दोनों मौलाना पकड़े गए।
पुलिस ने गिरफ्तार किया तो दोनों कान पकड़े हुए नजर आए। पुलिस अब आरोपियों से उन लड़कियों और उनके परिवारों के बारे में पता कर रही है, जिनसे उन्होंने ठगी की है। दोनों के खिलाफ फ्रॉड का केस दर्ज कर लिया गया है।
इन्होंने सिर्फ हरियाणा ही नहीं बल्कि उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी ऐसे ही ठगी की। जिनके बारे में हरियाणा पुलिस लिस्ट तैयार कर रही है।
नूंह के पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि 1 अप्रैल को जुबैदा पत्नी कमालूद्दीन निवासी नांगल शाहपुर नगीना ने थाना नगीना में एक शिकायत दी थी। जिसमें उसने कहा कि उसकी बेटी की शादी कराने और कन्यादान को लेकर मौलाना अरशद एवं राशिद उनसे मिले।
इन्होंने कहा कि हमें कुछ पैसे दे दो, बदले में बेटी की शादी-कन्यादान के वक्त सामान और रुपया देंगे। इसके बाद जुबैदा ने उन्हें 1.10 लाख रुपए दे दिए। बदले में मौलानाओं ने बेटी को बाइक, शादी का पूरा सामान और 21 हजार रुपए देना था। हालांकि शादी के वक्त इन्होंने कुछ नहीं दिया और उनके सारे रुपए हड़प कर गए।
पुलिस की शुरूआती पूछताछ में पता चला कि दोनों मौलाना और उनके साथियों ने मिलकर फिरोजपुर झिरका के महू चोपड़ा में ऑफिस खोल रखा था। जिसमें वह दावा करते थे कि उन्हें कुछ रुपए जमा कराओ, बदले में बेटी की शादी-कन्यादान के वक्त ज्यादा सामान और रकम देंगे। यूट्यूबर के जरिए वह इस स्कीम का प्रचार करते थे।
परिवार को लड़की की शादी करवाने का झांसा देते थे। इसके बाद उनसे शादी और कन्यादान के खर्च के रूप में पहले ही सारी रकम ले लेते थे। उसके बाद गायब हो जाते थे।

