Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

भाजपा नेत्री की अश्लील फोटो तैयार करके वायरल करने की धमकी देकर मांगे 2 लाख

हरियाणा के हिसार शहर में दो शातिर बदमाशों द्वारा भाजपा नेत्री से उनकी अश्लील फोटो तैयार कर दो लाख रुपए मांगने का मामला सामने आया है। दरअसल हुआ यूं कि दो शातिर बदमाशों ने सोशल साइट से महिला नेत्री की फोटो डाउनलोड कर उसको अश्लील फोटो के साथ एडिट किया और खुद महिला को भेजकर उससे दो लाख रुपए की मांग रखी साथ ही धमकी दी कि अगर उनको पैसे नहीं दिए गए तो यह फोटो वायरल कर देंगे।

बदमाशों ने इसके लिए एक फर्जी आईडी पर ली हुई सिम व एक फर्जी बैंक खाते का प्रयोग किया। जानकारी के लिए आपको बता दें कि गत 11 नवंबर को नेत्री द्वारा पुलिस को शिकायत दी गई थी। जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मिल गेट वासी जोगेंद्र व ढंढूर वासी मुकेश को शुक्रवार शाम गिरफ्तार करके रिमांड पर लिया।

पूछताछ में आरोपी मुकेश ने बताया कि वह नेटवर्क मार्केटिंग का काम करता है। इससे पहले वह आयुर्वेदिक दवाई बेचता था और अब तेल बेचता है। जोगिन्द्र सिंह को 4 साल से जानता है, क्योंकि पहले दोनों एक साथ मार्केटिंग का काम करते थे। जोगिंद्र ने उससे कहा कि कोई नया काम शुरू करते हैं, जिसमे अच्छी कमाई हो। इसके बाद उन्होने फर्जी आईडी व एक सिम खरीदा व अपनी एक जानकार महिला का बैंक में खाता खुलवाया।

आरोपियों ने महिला के खाते का एटीएम अपने पास ही रख लिया। इसके बाद सोशल मीडिया से एक नेत्री का फोटो डाउनलोड करके फेस ऐप का यूज करके उसे अश्लील फोटो में बदल दिया। आरोपी जोगेंद्र ने व्हाट्सऐप के जरिए फोटो खुद नेत्री को भेजते हुए उससे दो लाख रुपए मांग लिए और पैसे नहीं देने पर फोटो को वायरल करने की धमकी दी।

पुलिस जांच कर रही है कि आरोपियों ने पहले इस तरह से कितने लोगों के साथ ठगी की है। आरोपियों ने महिला को फोटो जिस नंबर से व्हाट्सऐप की थी, वह बंद आ रहा था। पुलिस की साइबर टीम ने उस मोबाइल को ट्रेस किया, जिसमें सिम डाला गया था। इससे आरोपियों की गिरफ्तारी संभव हुई।

Exit mobile version