हरियाणा के सोनीपत शहर के गांव पिनाना में एक व्यक्ति को महिला के साथ कमरे में बंद करके 2 लाख रुपए मांगे गए हैं। व्यक्ति को झांसा दिया गया था कि उसके परिवार के सदस्य की शादी कराने के लिए चर्चा करनी है। लेकिन व्यक्ति के समधी ने महिला को पकड़ लिया और पुलिस को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दो बहनों समेत 3 को गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव दोदवा की एक महिला ने दो बेटियों का रिश्ता करने का झांसा देकर झज्जर के विक्रम को गांव पिनाना बुलाया था। वहां दो अन्य महिला भी मिलीं, लेकिन उन्होंने उसे एक कमरे में महिला के साथ बंद कर दिया और गलत केस में फंसाने का डर दिखाकर दो लाख की मांग की। महिलाओं के जाल में फंसे विक्रम ने गोहाना में रहने वाले एक रिश्तेदार राजकरण को पूरी बात बताई और 2 लाख रुपए का इंतजाम करके गांव बिधल स्कूल के पास पहुंचने को कहा। उसे गांव बिधल के स्कूल के पास एक महिला उसका मोबाइल लिए मिलेगी, जिसे दो लाख रुपए दे देना।
विक्रम की बात सुनने पर राजकरण ने कुछ अन्य लोगों को अपने साथ लिया और बताए गए स्थान पर पहुंच गए। उनको वहां एक महिला हाथ मे मोबाइल फोन लिए नजर आई। उन्होंने महिला को पकड़ लिया। इसकी सूचना पुलिस को दी तो मोहाना थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस ने महिला से पूछताछ की तो उसने अपना नाम मंजू बताया। उसने पुलिस को बताया कि विक्रम को सुमन व हसीना ने गांव पिनाना में बंधक बना रखा है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मकान में बंद विक्रम को छुड़वाया। तीनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस इस मामले में अन्य आरोपियों की संलिप्तता का पता लगा रही है।
मोहाना थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने बताया कि राजकरण ने अपने रिश्तेदार को बंधक बनाकर झूठे मामले में फंसाकर 2 लाख रुपए मांगने की शिकायत दी थी। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए व्यक्ति को छुड़वाया। मामले में दो बहनों सहित तीन को गिरफ्तार किया गया है।

