Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

“Nuh में जहरीली गैस से 2 की मौत: सीवरेज सफाई के दौरान हादसा, एक गंभीर; ठेकेदार फरार”

हरियाणा के Nuh जिले के फिरोजपुर झिरका शहर में मंगलवार देर रात सीवर सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जहरीली गैस चढ़ने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सिटी थाना प्रभारी कुलदीप ने घटना की पुष्टि की है। जानकारी के अनुसार, तीन सफाई कर्मचारी सीवर लाइन में उतरे थे। अंदर मौजूद जहरीली गैस के कारण कुछ ही मिनटों में उनकी हालत बिगड़ गई और दम घुटने से वे बाहर नहीं निकल सके।

काफी देर तक कोई हलचल न होने पर मौके पर मौजूद लोगों को शक हुआ, जिसके बाद बचाव अभियान शुरू किया गया। तब तक दो मजदूर दम तोड़ चुके थे, जबकि तीसरे को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया।

वहीं एक तीसरे मजदूर को भी नीचे उतारा गया, लेकिन उसकी भी तबीयत बिगड़ने लगी। उसे तुरंत बाहर निकालकर अल आफिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। मृतकों में से एक मजदूर पलवल जिले का रहने वाला बताया जा रहा है, जबकि दूसरा उत्तर प्रदेश से संबंधित था। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अल आफिया अस्पताल, मांडीखेड़ा के शवगृह में रखवा दिया गया है।

हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मजदूरों को बिना किसी सुरक्षा किट, गैस मास्क या अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के सीधे सीवर में उतारा गया था। उनकी लापरवाही ही इस दुखद घटना का कारण बनी।

बताया जा रहा है कि काम की देखरेख कर रहा ठेकेदार हादसे के बाद मौके से फरार हो गया, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Exit mobile version