Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

करनाल में दिनदहाड़े 2 युवतियां किडनैप:काले रंग की कार में आए 3 किडनैपर, गला दबाया, थप्पड़ मारे और घसीटते हुए ले गए

हरियाणा के करनाल में दिनदहाड़े 2 युवतियों को किडनैप कर लिया गया। दोनों युवतियां घर के बाहर खड़ी थीं। तभी वहां एक कार आकर रुकी। उसमें सवार युवकों ने युवतियों को जबरन कार में बैठाने की कोशिश की।

युवतियों ने विरोध किया तो आरोपियों ने उनका गला दबाया और थप्पड़ मारे। इसके बाद दोनों को कार में धकेलकर वहां से फरार हो गए। जब आसपास के लोगों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो उनसे भी मारपीट की।

वारदात की सूचना के 20 मिनट बाद पुलिस वहां पहुंची। जिसके बाद इलाके में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वारदात से पहले ही गली में काले रंग की कार खड़ी थी, जिसमें तीन लोग सवार थे। उनमें से एक कार में ही बैठा रहा, जबकि दो युवक नीचे उतरे और घर के बाहर खड़ी दो लड़कियों को पकड़ लिया।

दोनों को घसीटते हुए कार तक ले जाया गया। इस दौरान लड़कियां लगातार विरोध कर रही थीं, लेकिन आरोपियों ने गला पकड़कर थप्पड़ मारना शुरू कर दिया और उन्हें कार में धकेलकर फरार हो गए।

यह पूरा वाक्या जनकपुरी के पास गऊशाला रोड इलाके में हुआ। जहां मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे यह घटना हुई। इसे देखकर लोग भी इकट्‌ठा हो गए। उन्होंने आरोपियों को रोकने और युवतियों को छुड़ाने की कोशिश की। इस पर आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। जिसके बाद आरोपी युवतियों को कार में डालकर वहां से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस बुलाई गई। पुलिस युवतियों के परिजनों को थाने ले गई है। जहां बयान लिए जा रहे हैं।

मौके पर पहुंचे इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ERV) इंचार्ज विजय पाल ने कहा कि 2 युवतियों की किडनैपिंग की बात सामने आई है। कार में 3 लोग सवार थे, जिन्होंने लड़कियों को किडनैप किया है। किडनैपिंग के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। पूरा मामला क्या है, इसको लेकर जांच की जा रही है। यहां कई घरों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, उन्हें भी खंगाला जा रहा है।

Exit mobile version