Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक की नहर में मिले 2 शव:पानी में तैर रही थी महिला और डेढ़ वर्ष की बच्ची की लाश, नहीं हो पाई शिनाख्त

रोहतक में गांव बालंद के पास से होकर गुजर रही नहर में रविवार को दो शव मिले। जिन्हें देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि ये मां-बेटी हैं। लेकिन अभी यह जांच का विषय है कि ये कौन हैं और इनकी मौत कैसे हुई। दोनों के शव नहर में मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को काफी मशक्कत के बाद पानी से बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार मृतक महिला की उम्र करीब 25 वर्ष है, जो सूट-सलवार पहने हुए है। वहीं बच्ची की उम्र करीब डेढ़ वर्ष है।

पुलिस के अनुसार दोनों के शवों पर चोट के कोई निशान नहीं हैं। जिससे यह पता लग सके कि उनकी मौत किस कारण से हुई। फिलहाल पुलिस दोनों मृतकों की पहचान का प्रयास कर रही है और आसपास के पुलिस थानों व चौकियों में भी इसकी सूचना दे दी है। मौत के स्पष्ट कारणों का पता पोस्टमार्टम के बाद ही लग पाएगा।

शिवाजी कॉलोनी थाना प्रभारी देशराज सिंह ने कहा कि बालंद गांव के पास दो शव मिले हैं। देखने में तो दोनों मां-बेटी लग रही हैं, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है। दोनों की पहचान भी नहीं हो पाई है। इसके लिए शवों को रोहतक पीजीआई के शवगृह में रखवाया गया है और उनकी पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

Exit mobile version