हरियाणा में मौसम विभाग ने 2 दिन (29-30 मई) तक सभी जिलों में बारिश की संभावना जताई है। वहीं 31 मई और 1 जून को प्रदेश के 16 जिलों में बारिश होने के आसार हैं। इससे तापमान में भी गिरावट आएगी। साथ ही लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। इधर, प्रदेश में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि 31 मई तक हरियाणा में मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहने की संभावना है। उत्तर-पूर्वी हवाएं चलने की संभावना के कारण बीच-बीच में हल्के बादल छाने की संभावना है।

29 मई और 30 मई के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हवाओं और गरज के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने की संभावना है। जिससे दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है लेकिन रात के तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हो सकती है।

इधर, बुधवार रात को यमुनानगर में करीब साढ़े 8 बजे से 9 बजे तक तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। जबकि, अंबाला में हवाएं चलीं। मौसम विभाग ने रात 10:35 बजे तक पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया था।

भारत मौसम विज्ञान विभाग मौसम केंद्र चंडीगढ़ (IMD) के अनुसार 29 मई को पूरे हरियाणा में बारिश की संभावना है। प्रदेश के 7 जिलों (पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, फतेहाबाद व सिरसा) में 25-50 प्रतिशत व 15 जिलों (हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात, झज्जर रोहतक, सोनीपत, पानीपत, करनाल व यमुनानगर) में 25 प्रतिशत तक बरसात की संभावना है।

वहीं 30 मई को भी पूरे हरियाणा में बारिश की संभावना है। जिसके चलते प्रदेश के 5 जिलों (अंबाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, कैथल व यमुनानगर) में 50-75 प्रतिशत तक बरसात हो सकती है। वहीं 4 जिलों (जींद, करनाल, पानीपत व सोनीपत) में 25-50 प्रतिशत और 13 जिलों (सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल व मेवात) में 25 प्रतिशत तक बरसात का अनुमान है।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!