रोहतक के एक गांव से दो ममेरे भाई लापता हो गए। जो घर से स्कूल के लिए निकले थे। लेकिन उन्होंने स्कूल जाने की बजाय अयोध्या जाने को प्लान बनाया। इसके बाद दोनों ममेरे भाई रोहतक से दिल्ली पहुंच गए। जहां अयोध्या जाने की सलाह कर रहे थे, लेकिन रेलवे स्टेशन से दोनों को पुलिस ने तलाश लिया। इससे पहले पुलिस ने लापता होने का मामला भी दर्ज कर लिया था।
रोहतक के एक गांव निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके तीन बच्चे (2 लड़के व 1 लड़की) हैं। उनका करीब 15 वर्षीय बड़ा लड़का 9वीं कक्षा में पढ़ाई करता है। वहीं उसका करीब 15 वर्षीय भांजा सोनीपत जिले के एक गांव निवासी अपनी मां के साथ किराए पर रहता हैं। वह 10वीं कक्षा में पढ़ाई करता है। दोनों ममेरे भाई गांव के ही सरकारी स्कूल में पढ़ते हैं। शुक्रवार को दोनों ममेरे भाई ड्रेस में स्कूल बैग लेकर घर से स्कूल गए थे। लेकिन वापस घर नहीं आए। इसके बाद परिवार वालों ने उनकी तलाश आरंभ कर दी, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा तो इसकी शिकायत पुलिस को दे दी।
जांच अधिकारी ASI सुनील कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज करके तलाश शुरू कर दी थी। दोनों बच्चे दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मिले हैं। जो दोनों अयोध्या राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के दौरान दर्शन करने के लिए जा रहे थे। लेकिन घर से पैसे लेकर नहीं आए। जिसके कारण वे आगे नहीं जा पाए। उन्होंने बताया कि दोनों बच्चे स्कूल जाने की बजाय दिल्ली पहुंच गए। उन्हें सूचना थी कि दिल्ली से सीधी अयोध्या के लिए ट्रेन जाएगी। लेकिन अयोध्या जाने से पहले पुलिस ने उन्हें तलाश कर लिया।
