Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

स्पोर्ट्स स्कूल से 2 बच्चे लापता- दोनों कक्षा 9 के स्टूडेंट्स; CCTV में हुए कैद

सोनीपत के राई में स्थित मोतीलाल नेहरू स्पोर्ट्स स्कूल से संदिग्ध परिस्थितियों में नौवीं कक्षा के दो छात्र गायब हो गए हैं। सीसीटीवी फुटेज में वे बुधवार दोपहर 12 बजे के करीब हॉस्टल से निकलते हुए दिखाई दिए। इसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं है। स्कूल के एडमिन ऑफिसर ने राई थाना में दोनों छात्रों की गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कराया है। बच्चों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। साथ ही पुलिस ने भी गुमशुदगी का केस दर्ज कर बच्चों की तलाश शुरू कर दी है।

राई खेलकूद स्कूल के एडमिन ऑफिसर मोहित कपूर ने पुलिस को बताया कि स्कूल से कक्षा नौ में पढ़ने वाले दो छात्र गायब हैं। दोनों एक ही सेक्शन में पढ़ते थे। इनमें हरियाणा के जींद का अंकित और दूसरा छात्र राजस्थान के अलवर के करौली का रेहान बताया गया है। दोनों बच्चे नाबालिग हैं। इनके लापता होने के बारे में बुधवार शाम को पता चला। इसके बाद इनकी तलाश की गई, साथ ही स्कूल में लगे सीसीटीवी भी खंगाले गए। दोनों छात्र दोपहर में 12 बजे हास्टल से ग्राउंड की ओर जाते दिख रहे हैं। बाद में इनके परिजनों और पुलिस को भी सूचना दी गई। छात्रों के गायब होने की सूचना मिलने पर उनके परिजन भी सोनीपत आ गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

थाना राई के जांच अधिकारी ASI सुभाष ने बताया कि मोतीलाल नेहरू स्कूल से दो बच्चों के लापता होने की जानकारी दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में धारा 346 के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। स्कूल में लगे सीसीटीवी फुटेज में बच्चे खुद ही जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। अन्य सीसीटीवी की भी जांच की जा रही है। बच्चों के बारे में फिलहाल कोई सुराग नहीं लगा है।

Exit mobile version