Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में 2.33 लाख अभ्यर्थी देंगे HTET परीक्षा: सेंटरों पर जैमर और CCTV से होगी निगरानी, परीक्षा से 2 घंटे 10 मिनट पहले पहुंचना होगा

हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET) के सफल और निष्पक्ष आयोजन को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन, सभी जिलों के उपायुक्त (DC) और पुलिस अधीक्षकों (SP) के साथ बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को परीक्षा के सुचारु संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही, परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए परिवहन व्यवस्था को लेकर रोडवेज विभाग को भी आवश्यक निर्देश दिए गए।

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. शंकर लाल धूपड़ ने बताया कि 4 और 5 जुलाई को आयोजित होने वाली HTET परीक्षा के लिए प्रदेशभर में 383 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इस बार कुल 2,33,894 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि परीक्षा में महिला अभ्यर्थियों की संख्या पुरुषों की तुलना में करीब ढाई गुना अधिक है। कुल 1,66,737 महिला और 67,157 पुरुष अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

बोर्ड चेयरमैन ने बताया कि 5 जुलाई को हरियाणा प्रदेश की एडीए परीक्षा भी आयोजित होने के कारण कुछ जिलों के परीक्षा केंद्रों में बदलाव किया गया है। इसके तहत पंचकूला के अभ्यर्थी पानीपत, कुरुक्षेत्र के अभ्यर्थी यमुनानगर और करनाल के अभ्यर्थी पानीपत में परीक्षा देंगे। वहीं, अन्य सभी जिलों के अभ्यर्थियों की परीक्षा उनके अपने-अपने जिलों में निर्धारित केंद्रों पर होगी।

उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से 2 घंटे 10 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। लेवल-2 के अभ्यर्थियों को सुबह 7:50 बजे तक, जबकि लेवल-1 और लेवल-3 के अभ्यर्थियों को दोपहर 12:50 बजे तक अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा।

चेयरमैन ने कहा कि परीक्षाएं बगैर किसी बाहरी हस्तक्षेप के संचालित हो, इसके लिए परीक्षार्थियों को कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अंदर ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा केंद्र में पहुंचने के दौरान परीक्षार्थियों को बायोमैट्रिक, फ्रिशकिंग, सीसीटीवी कैमरों और जैमर से होकर गुजरना होगा। पूरी परीक्षा के दौरान एचटेट परीक्षा पर नजर रखने के लिए शिक्षा बोर्ड ने सीसीटीवी कैमरों और आधुनिक तकनीकों से लैस बोर्ड कंट्रोल रूम तैयार किया है।

प्रश्नपत्रों को संदूकों में डबल तालों में बंद करके परीक्षा केंद्रों में भेजा जाएगा। इन तालों की चाबी प्रशासन और शिक्षा बोर्ड के पास अलग-अलग रहेगी। ऐसे में परीक्षा होने के बाद भी रैपिड एक्शन फोर्स के साथ उत्तपुस्तिकाओं को बोर्ड में जमा करवाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि दृष्टिबाधित परीक्षार्थियों को 50 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि विशेष परिस्थितियों में यदि किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में पहुंचने पर दिक्कत हो तो वह 112 पर फोन कर सहायता ले सकता है, इस प्रकार के आदेश सरकार द्वारा दिए गए

Exit mobile version