हरियाणा के हिसार शहर में शनिवार अल सुबह सीवरेज की सफाई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहाज पुल चौक पर सीवरेज लाइन में उतरे 18 वर्षीय प्रवासी मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर दम घुटने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जहाज पुल चौक पर पिछले चार-पांच दिनों से सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम चल रहा था। शनिवार सुबह सफाई अभियान के दौरान उत्तर प्रदेश के हाथरस निवासी मेहरबान (18) सीवरेज लाइन में सफाई के लिए उतरा। कुछ देर बाद जब साथी मजदूरों ने उसे बाहर निकाला तो वह बेहोशी की हालत में मिला।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
साथी मजदूर और अन्य लोग उसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
रोजगार की तलाश में आया था हिसार
बताया जा रहा है कि मेहरबान कुछ समय पहले ही उत्तर प्रदेश के हाथरस से रोजगार की तलाश में हिसार आया था और यहां सीवरेज सफाई का कार्य कर रहा था। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ तथा सफाई कार्य के दौरान सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
