फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में डबुआ थाना क्षेत्र के पाली गांव में 17 वर्षीय छात्र की गोली लगने से मौत हो गई। छात्र 12वीं कक्षा में ओपन से पढ़ाई कर रहा था और कोचिंग भी लेता था। उसका शव घर की तीसरी मंजिल पर बने बाथरूम में खून से लथपथ हालत में मिला। पास ही एक कट्टा पड़ा हुआ था। शुरुआती जानकारी के अनुसार छात्र ने खुद को गोली मारी थी। हालांकि, उसने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामले में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
घर पर अकेला था छात्र
पुलिस को दी शिकायत में छात्र के पिता ने बताया कि उनका 17 वर्षीय बेटा 12वीं कक्षा की ओपन से पढ़ाई कर रहा था। पढ़ाई के लिए वह कोचिंग भी जाता था।
बुधवार शाम करीब 5 बजे उसकी मां और बड़ा भाई घर से घेर में चले गए थे। उस समय छात्र घर पर अकेला था। करीब एक घंटे बाद शाम 6 बजे बड़ा बेटा वापस लौटा तो उसे छोटा भाई कहीं दिखाई नहीं दिया।
तीसरी मंजिल के बाथरूम में मिला शव
छोटे भाई की तलाश करते हुए बड़ा बेटा घर की तीसरी मंजिल पर पहुंचा। वहां खिड़की से बाथरूम के अंदर झांककर देखा तो छात्र खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था। उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए।
इसके बाद गैलरी के दरवाजे की कुंडी तोड़कर बाथरूम के अंदर देखा गया। वहां छात्र के पास एक कट्टा पड़ा हुआ था। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
FSL और क्राइम ब्रांच ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलने पर पाली चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल की वीडियोग्राफी कराई गई और एफएसएल तथा क्राइम ब्रांच की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए।
छात्र के पिता ने किसी व्यक्ति पर शक जाहिर नहीं किया है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
कट्टा कहां से आया, पुलिस कर रही जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नाबालिग छात्र के पास कट्टा कहां से आया और घटना के पीछे क्या वजह रही। फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस परिजनों से पूछताछ करने के साथ मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

