हरियाणा के फतेहाबाद जिले में सदर थाना के मालखाने से 160 पेटी अंग्रेजी शराब गायब होने का मामला सामने आया है। मामले का खुलासा जांच के दौरान हुआ, जिसके बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। एसपी निकिता खट्टर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रहलाद सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। साथ ही उन्हें लाइनहाजिर कर दिया गया है और थाने के पूरे स्टाफ को बदल दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, इस संबंध में शिकायत पहले डीजीपी कार्यालय तक पहुंची थी। वहां से मामला फतेहाबाद एसपी को भेजा गया। एसपी ने जांच की जिम्मेदारी एएसपी दिव्यांशी सिंगला को सौंपी। मालखाने के रिकॉर्ड और स्टॉक का मिलान करने पर 160 पेटी शराब कम मिली।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिछले महीने इन शराब की पेटियों को नष्ट करने के लिए अदालत से अनुमति ली गई थी। आरोप है कि रिकॉर्ड में शराब को नष्ट दिखा दिया गया, लेकिन वास्तविकता में 160 पेटी शराब मालखाने से गायब मिली। अब यह जांच की जा रही है कि शराब को बेचा गया या किसी अन्य तरीके से ठिकाने लगाया गया।
यह शराब मार्च 2024 में पुलिस ने बरामद की थी। उस समय पुलिस ने गांव अयाल्की के पास नाकेबंदी कर पंजाब से गुजरात ले जाई जा रही 950 पेटी अंग्रेजी शराब से भरा एक कंटेनर पकड़ा था। मामले में राजस्थान के सांचोर निवासी चालक दिनेश कुमार को गिरफ्तार किया गया था। बरामद शराब को सील कर सदर थाना के मालखाने में रखा गया था।
तीन दिन पहले एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने मालखाने का निरीक्षण किया। रिकॉर्ड की जांच के दौरान 160 पेटी शराब गायब मिली। इसके बाद विस्तृत जांच कराई गई और मामला सही पाए जाने पर इंस्पेक्टर प्रहलाद सिंह के खिलाफ बीएनएस की धारा 256 और 316(5) के तहत केस दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने थाने के पूरे स्टाफ में फेरबदल कर दिया। तबादला किए गए कर्मचारियों में 7 सब-इंस्पेक्टर, 3 एएसआई, 11 हेड कांस्टेबल, 16 कांस्टेबल, 9 एसपीओ और 3 एचकेआरएन कर्मचारी शामिल हैं। सभी को अन्य थानों और इकाइयों में भेजा गया है।
गौरतलब है कि इंस्पेक्टर प्रहलाद सिंह को पिछले सप्ताह ही उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया था। हालांकि शराब गायब होने का मामला सामने आने के बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से पद से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया।
पूरे मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है। टीम में डीएसपी जगदीश काजला, सिटी एसएचओ सुरेंद्रा, नए सदर थाना प्रभारी प्रहलाद राय सहित कई अधिकारियों को शामिल किया गया है। एसआईटी यह पता लगाएगी कि शराब की पेटियां किस तरह और किन लोगों की मिलीभगत से गायब हुईं।
एसआईटी प्रभारी डीएसपी जगदीश काजला ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही रिपोर्ट एसपी को सौंपी जाएगी। फिलहाल पुलिस शराब की गायब हुई पेटियों का सुराग जुटाने में लगी हुई है।
थाने से 160 पेटी शराब गायब…SHO पर FIRपूरे थाने का स्टाफ बदला, जांच के लिए SIT गठित

