Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

प्राण प्रतिष्ठा पर रोहतक में जलेंगे 15000 दीप:आगरा के कारीगरों ने बनाई 51 इंची रामलला की मूर्ति; आकाश में होगी रंग-बिरंगी आतिशबाजी

हरियाणा के रोहतक में 15000 दीप जलाकर श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन 22 जनवरी को दीपावली उत्सव मनाया जाएगा। इसके लिए श्री रामलीला उत्सव कमेटी द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान सुंदरकांड का पाठ भी होगा। वहीं, कार्यक्रम के लिए आगरा के कारीगरों द्वारा रामलला की 51 इंची मूर्ति बनाई गई है।

श्री रामलीला उत्सव कमेटी रोहतक ने अयोध्या में श्रीराम लला प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर होने वाले कार्यक्रम को लेकर पत्रकार वार्ता की। श्री रामलीला उत्सव कमेटी के मुख्य संरक्षक समाजसेवी उद्योगपति राजेश जैन ने कहा कि पुरानी ITI में शहीद मदन लाल धींगड़ा कम्युनिटी सेंटर में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 22 जनवरी को प्रातः 10 बजे हवन, 11 बजे उद्घाटन समारोह व भगवान श्री राम का पंचाभिषेक, 11 से 1 बजे तक अयोध्या धाम का लाइव प्रसारण बड़ी स्क्रीन पर दिखाया जाएगा। इसके बाद दोपहर 1 बजे महाप्रसाद श्रद्धालुओं को वितरित किया जाएगा। शाम 3 से 6 बजे तक श्री सुंदरकांड पाठ एवं भजन संध्या प्रेम संक्रीर्तन मंडली द्वारा की जाएगी। शाम 6 बजे श्रीराम की महाआरती व दीप महोत्सव मनाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 15 हजार दीप जलाकर उत्सव को दीवाली की तरह मनाया जाएगा। कार्यक्रम के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन व अयोध्या धाम से लाया गया प्रसाद बांटा जाएगा। सुंदरकांड पाठ के लिए 108 चौकी लगाई जाएंगी। आगरा के कारीगरों द्वारा रामलला की मनमोहक मिट्टी की 51 इंच की मूर्ति बनाई गई है।

20 फीट लंबा, 10 फीट चौड़ा और 15 फीट ऊंचा राम मंदिर की तर्ज पर मंदिर का स्वरूप उड़ीसा के कारीगरों द्वारा बनाया जाएगा। दिल्ली से आए कारीगरों के द्वारा आकाश में रंगबिरंगी अतिशबाजी की जाएगी।

Exit mobile version