Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

करनाल में बदमाशों के हौंसले बुलंद; रात को युवक को 15 बदमाशों ने घर से बाहर खींच हथियारों से काट उतारा मौत के घाट

हरियाणा के करनाल में रात को एक युवक की बड़ी निर्ममता से हत्या कर दी गई। फूसगढ़ रोड पर उत्तम नगर में करीब 15 बदमाश एक घर में घुसे, वहां तोड़फोड़ की और युवक को खींच कर बाहर ले आए। तेजधार हथियार व लाठी डंडों से उसके सिर व प्राइवेट पार्ट पर वार किए गए। युवक को इतनी निर्दयता से काटा कि मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया। मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा है। वारदात के बाद DSP, पुलिस व FSL की टीम मौके पर पहुंची।

बार बार मिल रही थी धमकी, पुलिस ने सुनी नहीं

मृतक की पहचान उत्तम कॉलोनी निवासी 32 वर्षीय सोनू के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि UP के बागपत में रहने वाले एक व्यक्ति से उनकी रंजिश चल रही थी और वह पहले भी कई बार परिवार को जान से मारने की धमकी दे चुका था। जिसके चलते करीब दो महीने पहले पुलिस को भी शिकायत दी गई थी कि उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। लेकिन पुलिस ने किसी भी तरह की कोई सुनवाई नहीं की।

घसीट कर लाए बाहर, प्राइवेट पार्ट-सिर पर वार

शुक्रवार की देर को करीब 15 बदमाश हथियारों से लैस होकर आए। किसी के हाथ में लाठी डंडे थे, किसी के हाथ में गंडासी, चाकू और कुल्हाड़ी, कोई पिस्टल भी लेकर आया हुआ था। सभी बदमाश हथियार लहराते हुए सोनू के घर में घुस गए और तोड़फोड़ करते हुए सोनू पर हमला कर दिया।

उसको बुरी तरह से काट डाला और घर से घसीटकर बाहर लेकर आ गए और सोनू के पहले सिर पर फिर उसके प्राइवेट पार्ट पर करीब 10 से 12 बार वॉर किए गए। जिससे सोनू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

आसपास के इलाके में दहशत

यूपी के बदमाशों ने सीएम सिटी के एक घर में घुसकर एक व्यक्ति को मौत के घाट उतार दिया। इस वारदात के बाद पूरा परिवार सकते में है और आसपास के लोगों में दहशत फैली हुई है। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग परिवार कर रहा है। परिवार ने आरोप लगाए है कि जब दो महीने पहले शिकायत दी गई थी कि सोनू को किसी से जान का खतरा है तो पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस की लापरवाही का परिणाम सभी के सामने है।

आज होगा शव का पोस्टमॉर्टम

वहीं मौके पर पहुंचे DSP नायब सिंह ने बताया कि पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरे खंगाल रही है। मौके से कुछ हथियार भी बरामद हुए है। मामला पुरानी किसी रंजिश का बताया जा रहा है। FSL टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए है। शव को अपने कब्जे में लेकर मोर्चरी हाउस में रखवा दिया है। सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

Exit mobile version