Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

खेतों में दिखाई दिया 15 फीट लंबा और 50 किलो का अजगर…बकरी को बनाया शिकारबड़ी देर की मशक्कत के बाद किया रिस्क्यू

हरियाणा के यमुनानगर जिले में एक विशालकाय अजगर ने खेतों में चर रही बकरी को अपना शिकार बना लिया। करीब 15 फुट लंबे और 50 किलो वजनी अजगर ने पहले बकरी को अपने शरीर से जकड़कर मार डाला और फिर पूरी बकरी को निगल गया। ग्रामीणों ने बकरी को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सूचना मिलने पर वन्यजीव विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू के दौरान अजगर ने निगली हुई बकरी को बाहर उगल दिया। इसके बाद टीम ने अजगर को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।

बच्चों के शोर से खुला पूरा मामला

घटना छछरौली क्षेत्र के गांव भीलपुरा की है। ग्रामीण मुनसिर ने बताया कि वह रविवार शाम अपनी बकरियां चराने खेतों में गया था। इसी दौरान आसपास खेल रहे बच्चों ने खेत में बड़े अजगर को देखकर शोर मचाया। मौके पर पहुंचने पर उसने देखा कि अजगर का पेट फूला हुआ था। बकरियों की गिनती करने पर एक बकरी गायब मिली, जिससे स्पष्ट हो गया कि अजगर उसे निगल चुका है।

रेस्क्यू के दौरान बाहर निकली बकरी

सूचना मिलते ही वन्यजीव विभाग की टीम कर्मचारी संजीव के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ा गया। रेस्क्यू के दौरान अजगर ने निगली हुई बकरी को बाहर उगल दिया। इसके बाद उसे आबादी से दूर जंगल में छोड़ दिया गया।

पहले भी निगल चुका है बकरियां

ग्रामीण मुनसिर ने बताया कि पिछले साल भी एक अजगर उसकी दो बकरियों को निगल गया था। उन्होंने प्रशासन से वन्यजीवों के हमलों से होने वाले नुकसान पर मुआवजा देने की मांग की है।

बारिश में जंगल से बाहर निकलते हैं अजगर

वन्यजीव विभाग के कर्मचारी संजीव ने बताया कि पकड़ा गया अजगर करीब 15 फुट लंबा और लगभग 50 किलो वजनी था। बरसात के मौसम में भोजन की तलाश में अजगर जंगल से निकलकर खेतों और आबादी के पास पहुंच जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे मामलों में घबराएं नहीं और न ही वन्यजीव को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करें, बल्कि तुरंत वन्यजीव विभाग को सूचना दें।

क्या कहते हैं विशेषज्ञ?

वन्यजीव विभाग के अनुसार अजगर जहरीले नहीं होते, लेकिन बेहद ताकतवर होते हैं। वे अपने शिकार को शरीर से कसकर लपेटकर उसकी सांस रोक देते हैं और फिर पूरे शिकार को निगल जाते हैं। इसलिए ऐसे वन्यजीव दिखने पर उनसे सुरक्षित दूरी बनाए रखना सबसे सुरक्षित उपाय है।

Exit mobile version