Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

कबड्डी की रंजिश में 14 साल के खिलाड़ी की हत्या…क्लासमेट ने कैंची से किए ताबड़तोड़ वार

हरियाणा के फतेहाबाद जिले में कबड्डी की रंजिश ने एक 14 वर्षीय खिलाड़ी की जान ले ली। रतिया क्षेत्र के बादलगढ़ गांव में 9वीं कक्षा के छात्र अरमान की उसके ही क्लासमेट ने कैंची से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। गंभीर चोट लगने से अरमान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि अरमान स्कूल स्तर का कबड्डी खिलाड़ी था और पंजाब के कई स्थानीय टूर्नामेंट में मेडल जीत चुका था। आरोपी नाबालिग भी उसी का सहपाठी है और दोनों के घर गांव में पास-पास हैं।

परिजनों के अनुसार, गुरुवार शाम अरमान गांव की एक दुकान पर पेटीज खाने गया था। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर आरोपी को वहां से भेज दिया, लेकिन कुछ देर बाद वह अपने पिता के क्लिनिक से कैंची उठाकर वापस लौटा और अरमान की छाती पर कई वार कर दिए।

हमले में अरमान की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए रतिया के सिविल अस्पताल भिजवा दिया।

प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों के बीच कबड्डी को लेकर लंबे समय से प्रतिद्वंद्विता चल रही थी। गुरुवार को स्कूल में भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद शाम को विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

पुलिस ने आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया है। उसे उसके परिजनों के साथ जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।

Exit mobile version