ऋषिकेश/रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड में मंगलवार सुबह दो दर्दनाक सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। टिहरी और रुद्रप्रयाग जिलों में हुए हादसों में अब तक 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 30 लोग घायल हुए हैं। पहले हादसे में यात्रियों से भरी बस ऋषिकेश-बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर गूलर के पास गहरी खाई से होते हुए नदी में जा गिरी। वहीं, दूसरे हादसे में शादी समारोह से लौट रही बारातियों की बोलेरो गाड़ी खाई में गिर गई।
टिहरी में नदी में गिरी यात्रियों से भरी बस, 10 की मौत
पहला हादसा टिहरी जिले में ऋषिकेश-बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर गूलर के पास हुआ। यात्रियों से भरी बस सड़क से अनियंत्रित होकर करीब 60 से 70 मीटर नीचे खाई में गिर गई और नदी तक जा पहुंची।
टिहरी की जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल के अनुसार, हादसे में 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य ने ऋषिकेश एम्स में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह बस हादसे में मृतकों की संख्या 10 हो गई है। घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई गई है।
यात्रियों ने ड्राइवर को तेज रफ्तार पर टोका था
हादसे में घायल यात्री पंकज के मुताबिक, बस काफी तेज रफ्तार से चल रही थी। यात्रियों ने दो से तीन बार ड्राइवर को स्पीड कम करने के लिए कहा था, लेकिन उसने उनकी बात नहीं मानी।
एक अन्य घायल यात्री ने बताया कि हादसा सुबह करीब 5 से 5:15 बजे के बीच हुआ। वह ड्राइवर के पीछे वाली सीट पर बैठा था। उसे नींद आ गई थी और जब आंख खुली तो वह नीचे गिरा हुआ था।
रेस्क्यू में जुटीं पुलिस, SDRF और फायर सर्विस की टीमें
बस हादसे की सूचना सुबह करीब 5:15 बजे मिली। इसके बाद पुलिस, SDRF और फायर सर्विस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। घायलों को ऋषिकेश एम्स पहुंचाया गया।
टिहरी की DM नितिका खंडेलवाल और SSP श्वेता चौबे ने एम्स पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। अधिकारियों के मुताबिक, घायलों में झारखंड, असम, बिहार और मध्य प्रदेश के यात्री भी शामिल हैं।
रुद्रप्रयाग में बारातियों की बोलेरो खाई में गिरी, 4 की मौत
दूसरा हादसा रुद्रप्रयाग जिले की क्यूंजा घाटी में हुआ। यहां पोखरी से शादी समारोह में शामिल होकर लौट रही बारातियों की बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई।
इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई गई है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख, जांच के आदेश
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गूलर बस हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज और देखभाल के निर्देश दिए हैं। साथ ही बस हादसे के कारणों की जांच के आदेश भी दिए हैं।
दोनों हादसों के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य के साथ हादसों से जुड़े कारणों की जांच में जुटी हैं।

