Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में ओमेक्स सिटी से दिनदहाड़े 13 वर्षीय छात्र का अपहरण: टयूशन पढ़ने गया था छात्र, कार में उठाया

रोहतक के पॉश इलाके में शुमार ओमेक्स सिटी के अंदर से ट्यूशन पढ़ कर लौट रहे नौवीं कक्षा के 13 वर्षीय छात्र की दिनदहाड़े अपहरण की घटना से सनसनी फैल गई है। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस ने जांच करते हुए अपहरणकर्ताओं के खिलाफ संगीन धाराओं में केस दर्ज कर दिया है हालांकि अपहरण की घटना के आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है और छात्र की कोई सूचना अभी तक परिजनों को नहीं मिली है। आईएमटी थाने के एसएचओ पंकज का कहना है कि मामले में जांच शुरू कर दी है। जल्दी ही लड़के को बरामद कर लिया जाएगा।
पुलिस द्वारा दर्ज की गई एफआईआर के मुताबिक शहर के एक नामचीन स्कूल में नौवीं कक्षा में पढ़ने वाला छात्र प्रणव पिछले 6 साल से देव कॉलोनी में अपने नाना-नानी के घर रह रहा था। वह रोजाना की तरह ओमेक्स सिटी में ट्यूशन के लिए गया था, बीते दिन जब वह करीब साढ़े 4 बजे तक घर नहीं लौटा तो परिवार के सदस्यों को चिंता हुई। उसकी तलाश में कोचिंग सेंटर से लेकर आसपास की सभी गलियों और रास्तों को चेक किया , लेकिन वह नहीं मिला। ओमेक्स सिटी के सीसीटीवी चेक करने पर खुलासा हुआ कि जब वह करीब 4:30 बजे ट्यूशन से वापस लौट रहा था तो उसके पीछे वैगन आर गाड़ी नंबर DL-2CAQ-0318 पीछा कर रही थी। उस कार को उसके पिता डॉ गौरव ड्राइव कर रहे थे और साथ में उसकी बड़ी बहन कुमुद बैठी थी, क्योंकि डॉक्टर गौरव और प्रणव की माँ कविता पिछले 6 साल से अलग अलग रह रहे हैं और कोर्ट में कई केस चल रहे है। कोर्ट द्वारा पिता के खिलाफ 10 हजार रुपए प्रति माह बेटे की मेंटेनेंस देने का ऑर्डर भी दिया जा चुका है और बच्चे से मिलने पर कोर्ट की ओर से स्टे भी है, मगर जिस तरह से इस घटना को अंजाम दिया गया है , उसने कानून व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। फिलहाल आईएमटी थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ किडनैपिंग का केस दर्ज करके आगे की जांच शुरू कर दी है मगर अभी तक अपहत बच्चा बरामद नहीं हुआ है।

रोहद टोल पर कार में दिखी साईकिल

रोहद टोल से प्राप्त हुई सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि कार नम्बर (DL-2CAQ-0318) 5 बजकर 32 मिनट पर टोल को क्रॉस किया, जिसमें कार के पीछे बच्चे की साइकिल स्पष्ट तौर पर नजर आई।

Exit mobile version