Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

करनाल में नहर में डूबा 13 वर्षीय बच्चा:गर्मी की छुटि्टयों में बुआ के घर आया था; दोस्तों के साथ गया था नहाने

करनाल स्थित कर्ण लेक के नजदीक पश्चिमी यमुना नहर में नहाने गए 13 वर्षीय बच्चे की डूबकर मौत हो गई। बच्चा छुट्टियों में अपनी बुआ के घर आया हुआ था। घटना की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज भेज दिया।

मृतक किशोर गांव मुरादगढ़ का रहने वाला था, जो अभी स्कूल की छुटि्टयों में अब्दुलापुर गांव में अपनी बुआ के घर आया हुआ था। दोपहर को वह अपने कुछ साथियों के साथ घर से बिना बताए निकल गया था। कर्ण लेक के पास पश्चिमी यमुना नहर में नहाने के दौरान अचानक बच्चा डूबने लगा। उसके साथ नहा रहे अन्य बच्चे तुरंत बाहर आ गए।

बच्चे को डूबता देख आसपास के युवाओं ने नहर में छलांग लगा दी। करीब आधे घंटे बाद बच्चे को बाहर निकाला जा सका।लोगों ने डायल-112 की टीम को सूचित किया। जिसके बाद पुलिस ERV मौके पर पहुंच गई। किसी तरह से बच्चे की जान बच सके, इसके लिए पुलिस ने अपनी गाड़ी से बच्चे को करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज स्थित ट्रामा सेंटर पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

13 साल के तनिश की मौत हो चुकी थी। जैसे ही परिजनों को मौत की खबर मिली तो वे ट्रामा सेंटर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुराहाल था। ग्रामीण परिजनों को ढांढस बंधा रहे थे।

जांच अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि कर्ण लेक के पास पश्चिमी यमुना नहर में बच्चे के डूबने की सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version