हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को कहा कि प्रदेश में बाढ़ से आई प्राकृतिक आपदा में अब तक 13 लोगों की मौत होे गई है। आश्रितों को 52 लाख रुपये जारी किए गए। राहत प्रबंधों के लिए 3.26 करोड़ रुपये किए जारी किए गए। 5217 गांवों के ढाई लाख किसानों ने फसलों की खराबी का दावा किया। दो दशक से पंचायती जमीन पर रहने वालों को भी मुआवजा मिलेगा
मुख्यमंत्री ने सोमवार को कहा कि भारी बारिश से उत्पन्न बाढ़ जैसे हालात में प्रभावित लोगों को तत्काल राहत उपायों के लिए सरकार ने जिलों को आरक्षित निधि के रूप में कुल 3 करोड़ 26 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। इस धनराशि का उपयोग प्रभावित लोगों को के लिए राहत सामग्री के परिवहन और ग्रामीण क्षेत्रों में जल निकासी कार्यों के लिए किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को चंडीगढ़ में मंत्रिमंडल की अनौपचारिक बैठक के बाद सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में सैनी ने कहा कि इस प्राकृतिक आपदा में मकान ढहने से प्रदेश के 13 लोगों की जान चली गई।
इनमें जिला फतेहाबाद में चार, भिवानी में तीन, कुरुक्षेत्र व यमुनानगर में दो-दो, हिसार और फरीदाबाद में एक-एक व्यक्ति शामिल हैं। शोक संतप्त परिवारों को वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए सरकार ने तुरंत 52 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता जारी की है। प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को 4 लाख रुपये की राशि दी जाएगी। इसके अलावा घायलों को भी मदद के लिए 2 लाख रुपये प्रदान किए गए हैं
