रोहतक में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर सभी सरकारी तंत्र सक्रिय हो गए हैं। 5 अक्टूबर को होने वाले चुनाव के संदर्भ में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है। शनिवार को अतिरिक्त उपायुक्त और विधानसभा कलानौर के रिटर्निंग अधिकारी नरेंद्र कुमार ने खेरड़ी मोड़ पर स्टैटिक्स सर्विलांस टीम की ओर से लगाए गए नाके का निरीक्षण किया। उन्होंने वाहनों की चेकिंग के लिए बनाए गए रजिस्टर का अवलोकन करते हुए एसएसटी के प्रभारी को निर्देश दिए कि वे आयोग की हिदायतों के अनुसार चेकिंग करें और संदिग्ध वाहनों पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति के पास 50 हजार रुपए से अधिक नकद नहीं होना चाहिए। यदि कोई व्यक्ति इससे अधिक राशि लेकर पकड़ा जाता है और उसके पास उचित प्रमाण नहीं है, तो वह राशि जब्त की जाएगी। जब्त की गई राशि को छुड़वाने के लिए जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी की अध्यक्षता में एक समिति गठित की गई है। इसके अलावा, अवैध शराब और मादक पदार्थों की आवाजाही पर भी नजर रखी जाएगी।
विधानसभा चुनाव 5 अक्टूबर को मतदान होना है। इससे पहले मतदान कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ताकि मतदान के दिन किसी को दिक्कत न हो। इसको लेकर उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अजय कुमार के निर्देश पर चारों विधानसभाओं मतदान कर्मियों को ईवीएम का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें सभी कर्मचारियों का शामिल होना अनिवार्य है।
इसमें शामिल न होने वाले कर्मचारी पर जनप्रतिनिधि अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। रोहतक विधानसभा के रिटर्निंग ऑफिसर आशीष कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान 13 अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित रहे। इन्हें नोटिस जारी किया गया है। अगर प्रशिक्षण में शामिल न होने का उचित कारण ये नहीं बता पाते तो इन पर कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी और अधिकारी ईमानदारी से चुनाव ड्यूटी करें। उन्होंने कहा कि अब 23 सितंबर को होने वाले प्रशिक्षण में सभी लोग शामिल हों। अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।
यह कर्मचारी और अधिकारी रहे अनुपस्थित रोहतक विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी आशीष कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण में अनुपस्थित अधिकारियों/कर्मचारियों में मतदान पार्टी संख्या 44 के वैकल्पिक पीठासीन अधिकारी ब्रह्मजीत सिंह, मतदान पार्टी संख्या 77 के मतदान अधिकारी गुरदीप, मतदान पार्टी संख्या 118 के मतदान अधिकारी अनिल कुमार, मतदान पार्टी संख्या 122 के पीठासीन अधिकारी योगेश, मतदान पार्टी संख्या 123 के मतदान अधिकारी कृष्ण कुमार, मतदान पार्टी संख्या 128 के मतदान अधिकारी सतीश कुमार, मतदान पार्टी संख्या 129 के वैकल्पिक पीठासीन अधिकारी संत कुमार, मतदान पार्टी संख्या 146 के मतदान अधिकारी राज कुमार, मतदान पार्टी संख्या 155 के मतदान अधिकारी बलराज, मतदान पार्टी संख्या 183 के वैकल्पिक पीठासीन अधिकारी दीन दयाल एवं मतदान अधिकारी राज कुमार, मतदान पार्टी संख्या 193 के मतदान अधिकारी बिजेंद्र सिंह तथा मतदान पार्टी संख्या 200 के पीठासीन अधिकारी सुरेंद्र सिंह शामिल हैं।
