Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक की जनता कॉलोनी से पड़ोस में गई 12 वर्षीय छात्रा हुई लापता- फोन भी बंद, सीसीटीवी खंगालने में जुटी पुलिस

हरियाणा के रोहतक जिले की जनता कॉलोनी से एक 12 वर्षीय छात्रा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। रात को 8 बजे के बाद से उसका फोन भी बंद है। परिजन तलाश में जुटे हैं। फिलहाल पुलिस लड़की के परिजनों को लेकर जनता कॉलोनी के आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी खंगालने में जुटी हुई है। लड़की अपने भाई को यह बोलकर घर से निकली कि थोड़ी देर के लिए पड़ोस में एक आंटी के घर जा रही है। ये सभी बातें 12 से 1 बजे के बीच हुई। इसके बाद लड़की घर से चली गई और घर वापस नहीं आई।

मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई के रहने वाले बालिका के भाई ने पुलिस को बताया है उसकी बहन सफेद जींस व टी-शर्ट पहनकर गई है। गुलाबी जैकेट भी पहनी है। जिस फोन को बालिका अपने साथ लेकर गई है, वह सोमवार शाम सात बजे तक ऑन था और उसकी आखिरी लोकेशन दिल्ली में आ रही थी। मंगलवार सुबह से ही फोन बंद जा रहा है।

सोमवार को परिजन पुलिस के पास गए तो पुलिस ने मामला गम्भीरता से नहीं लिया। मंगलवार सुबह जब परिजन इक्कट्ठा होकर थाने में गए और किसी अनहोनी की आशंका जताई तो पुलिस सक्रिय हो गई। परिजनों का कहना है कि अगर कल पुलिस गंभीरता से ले लेती तो किशोरी का पता चल जाता क्योंकि उसका फोन रात तक ऑन था। उसका अपहरण हुआ है या कोई फुसला कर ले गया है कुछ भी पता नहीं चल रहा। अब सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।

मामले को लेकर पुलिस अधिकारी अलग-अलग बयान दे रहे हैं। थाना शिवाजी कॉलोनी एसएचओ रमेश कुमार का कहना है मामला उनके संज्ञान में नहीं है। जानकारी की जा रही है। वहीं जनता कॉलोनी चौकी प्रभारी हरपाल सिंह का कहना है कि परिजनों से बालिका के बारे में सभी जानकारी मांगी गई हैं। इसकी जानकारी पुलिस ग्रुप पर भी शेयर की है। ताकि बालिका का जल्द पता चल सके।

Exit mobile version