रोहतक शहर स्थित कृपाल नगर में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाया। घर के ताले तोड़कर 5 अलमारियों से करीब 10 लाख के आभूषण व 2 लाख रुपए कैश चोरी किए गए। जब चोरी हुई, उस समय मां-बेटी बाजार में खरीदारी करने गई हुई थी और बेटा दुकान पर गया हुआ था।
रोहतक के कृपाल नगर निवासी महिला सुदेश वर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके लड़के का फोटो स्टूडियो है। मंगलवार को बेटी अन्नू भी ससुराल से आई हुई थी। दोनों मां-बेटी शाम को बाजार में खरीदारी करने चली गई। पीछे से किसी काम से बेटा विशाल दुकान से घर आया।
विशाल ने देखा कि घर में रखी अलमारियों के ताले तोड़कर चोरी की गई है और सामान बिखरा हुआ है। विशाल ने तुरंत मां-बहन को फोन किया। 5 अलमारियों (3 दीवार की अलमारी व 2 गोदरेज की अलमारी) से आभूषण व नकदी चोरी किए गए हैं। अपने स्तर पर जांच के बाद मामले की शिकायत पुलिस को दे दी।
विशाल ने बताया कि घर से 2 सोने के मंगल सूत्र, 3 चेन और पेंडेंट, 1 पुरुषों का कड़ा, 6 महिलाओं के कड़े, 10 कानों की बालियां, एक पुरुषों की अंगूठी व 13 महिलाओं वाली अंगुठियां, सोने का हार, चांदी के सिक्के व चांदी का अन्य सामान चोरी किया गया है। साथ ही दो लाख रुपए का कैश भी चोरी हुआ है।
विशाल ने बताया कि घर के मेन गेट का ताला लगा हुआ था, लेकिन गेट पर पांव का निशान भी था, जिसे देख कर लगता है कि चोर मेन गेट के ऊपर से घुसे। अंदर का ताला तोड़ा गया है। साथ ही अलमारियों का सामान बिखरा मिला।
जांच अधिकारी हरदयाल सिंह बताया कि चोरी होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर जांच की गई, जिसके बाद पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। शिकायत के अनुसार, आभूषण व दो लाख की नकदी चोरी हुई है। चोरों की तलाश जारी है।

