रोहतक के राजीव गांधी खेल स्टेडियम में 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें स्कूलों के बच्चे, आशा वर्कर्स, सरकारी विभागों के कर्मचारी और पुलिस के जवानों ने भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने पत्नी डॉ. रीटा शर्मा के साथ शिरकत की। वहीं, प्रशासनिक अधिकारी भी योग कार्यक्रम में शामिल हुए।
योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान योगाभ्यास से पूर्व सुबह 6:35 पर सीएम नायब सैनी लाइव जुड़े और योग साधकों को संदेश दिया। इसके बाद 6:50 पर पीएम नरेंद्र मोदी लाइव जुड़े और योग को लेकर अपना संदेश जन जन तक पहुंचाने का काम किया। इसके बाद योगा का कार्यक्रम 7:10 पर शुरू हुआ, जिसमें साधकों को योग क्रियाओं का अभ्यास करवाया गया।
योग दिवस पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान योग प्रोटोकॉल को फॉलो किया गया। इसके तहत पहले सूक्ष्म व्यायाम, योगासन और प्राणायामों का सामूहिक अभ्यास करवाया गया। योगाभ्यास करवाने के लिए आयुष विभाग और अन्य संस्थाओं के योग प्रशिक्षक मौजूद रहे, जो प्रोटोकॉल को फॉलो करवाते रहे।
राजीव गांधी खेल स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय योगाभ्यास के दौरान लोग आराम फरमाते हुए नजर आए। सुबह 7:10 पर शुरू हुए योगाभ्यास के दौरान धूप निकलने के कारण लोगों की हालत खराब हो गई। पसीने के कारण लोगों का बुरा हाल था। ऐसे में लोग योग करने की बजाय केवल बैठे हुए नजर आए।
योग दिवस के अवसर पर लोगों ने विभिन्न आसनों पदमासन, ग्रीवा चालन, कटिचालन, घुटना संचालन, ताड़ासन, वृक्ष आसन, पादहस्तासन, अर्ध चक्रासन, वज्रासन, त्रिकोण आसन, सिद्ध आसन, शष्क आसन, मंडूकासन, वक्रासना, भुजंगासन, शलभासन,सेतु बंध आसन, उत्तानपाद आसन, अद्र्घ हलासन, पवन मुक्त आसन, स्वासन, कपालभाति आसन, शीतली और भ्रामरी इत्यादि प्राणायामों का अभ्यास किया।
अरविंद शर्मा ने कहा कि योग सबके लिए है, किसी एक पार्टी के लिए नहीं है। पीएम ने कहा कि हर व्यक्ति को योग करना चाहिए। इसमें कोई राजनीति नहीं है। हो सकता है कि किसी नेता की तबीयत खराब हो, वह योग ना कर पाया हो, लेकिन योग सबको करना चाहिए। यह अपने लिए ही जरूरी है। अरविंद शर्मा ने कहा कि अभय चौटाला एक दिन सीएम बनने की बात कर रहे हैं, वो तो कई साल सीएम रहे है। उन्होंने कहा- किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जो भ्रष्टाचार में लिप्त मिलता है, वो सलाखों के पीछे भेजा जाता है। सीएम नायब सैनी के नेतृत्व में सरकार अपराधियों व भ्रष्टाचारियों पर कड़ी कार्रवाई कर रही है।
अमृत योजना पार्ट वन में 350 करोड़ रुपए के घोटाले का एक पूर्व मंत्री पर आरोप लगाने वाले मंत्री अरविंद शर्मा अपनी बात से मुकर गए। अरविंद शर्मा ने कहा कि किसी चीज में तेजी लाने के लिए कुछ बातों को उठाया जाता है। अमृत योजना में कोई घोटाला नहीं हुआ। एक-एक पैसे का सही इस्तेमाल किया गया है।
