गुरुग्राम के शिवाजी नगर थाना क्षेत्र में एक सरकारी स्कूल की 11वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा के साथ गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित छात्रा को कोचिंग जाते समय अगवा किया गया और सुनसान इलाके में ले जाकर दो युवकों ने बारी-बारी से उसे साथ रेप किया। बाद में उसे चलती कार से फेंक कर फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक दो तीन महीने पहले ही छात्रा की आरोपियाें से इंस्टाग्राम पर जानकारी हुई थी। जानकारी अनुसार, छात्रा 4 मरला की रहने वाली है। उसने पुलिस को बताया कि जब वह कोचिंग जा रही थी, तभी उसे जबरदस्ती कार में बैठा लिया गया। कार में बैठते ही आरोपियों ने उसे नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद उसे पहाड़ियों पर एक सुनसान इलाके में ले गए, जहां दो युवकों ने उसके साथ रेप किया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसे अर्धचेतन हालत में चलती कार से सड़क पर फेंक कर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि एक आरोपी लड़की का जानकार है और उसने जबरदस्ती उसे कार में बैठा लिया। आरोपियों के नाम लक्ष्य और अंकित बताए गए हैं।
घर आने पर पीड़िता रोने लगी। जब परिजनों ने उससे पूछा तो उसने रोते हुए अपने साथ हुई पूरी कहानी बताई। बेटी के साथ हुई वारदात सुनकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई और वे उसे लेकर थाने पहुंचे। थाने में भी लड़की रोती रही, जिसके बाद महिला पुलिसकर्मियों ने उसे सांत्वना दी और पिता की शिकायत पर केस दर्ज किया।
पुलिस को दी शिकायत में पिता ने बताया कि आरोपी उसे काले रंग की कार में पहाड़ियों पर सुनसान जगह पर ले गए और उसके साथ बेहोशी की हालत में गलत काम किया। नशीले पदार्थ के प्रभाव से वह प्रतिरोध नहीं कर सकी।
पिता की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पिता ने बताया कि वह मानेसर की एक कंपनी में काम करता है और उसकी पत्नी घर पर बच्चों के साथ रहती है। उसके पास चार बच्चे हैं और जिस लड़की के साथ रेप किया गया है, वह सबसे बड़ी है और 17 साल की है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसकी हालत स्थिर है। बताया जा रहा है कि लड़की का परिवार मूल रूप से बिहार के मधुबनी जिले के एक गांव का रहने वाला है और 20 साल से चार मरला इलाके में रहते हैं।
पीड़िता के मुताबिक वह एक आरोपी को जानती है और इसी का फायदा उठाकर कोचिंग जाते समय वह बार-बार अपने साथ कार में बैठने के लिए दबाव बनाता रहा। उसके दबाव में आकर वह कार में बैठ गई, जिसके बाद दोनों आरोपी उसे सुनसान जगह पर ले गए। पीड़िता के मुताबिक उसका जानकार आरोपी गांधी नगर का रहने वाला है। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी हैंI
