Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पीजीआईएमएस में जले 10 हजार ‘आशा और आशीर्वाद’ के दीये, कुलपति बोले- राष्ट्र सेवा के संकल्प का प्रतीक है दीपोत्सव

रोहतक, 17 सितंबर। पंडित भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, रोहतक में गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत आशीर्वाद का दिया मॉड्यूल का भव्य एवं भावपूर्ण आयोजन किया गया। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के 25 वर्षों की अथक जनसेवा और राष्ट्र सेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से पीजीआईएमएस परिसर में एक साथ लगभग दस हजार मिट्टी के दीये जलाकर पूरे परिसर को रोशनी से जगमगा दिया गया।

विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत निदेशक कार्यालय से विश्वविद्यालय गेट तक दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। उसके बाद छात्र-छात्राओं, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अधिकारियों ने हाथों में दीये लेकर सुश्रुत सभागार से कुलपति कार्यालय तक भव्य दीप यात्रा निकाली। दीयों की रोशनी में पूरा पीजीआईएमएस परिसर एक दिया देश के नाम के नारों से गूंज उठा। दृश्य इतना मनोहारी था कि देखने वाले भाव-विभोर हो गए।

इसके उपरांत कुलपति कार्यालय स्थित स्वर्ण जयंती सभागार में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का जन्मदिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कुलपति डॉ एच के अग्रवाल द्वारा केक काटकर प्रधानमंत्री जी के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की गई।

कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने अपने जीवन के 25 वर्ष बिना रुके, बिना थके देश सेवा में समर्पित किए हैं। आशीर्वाद का दिया उसी सेवा, समर्पण और संकल्प के प्रति हमारी कृतज्ञता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि एक-एक दिया करोड़ों देशवासियों के आशीर्वाद का प्रतीक है। यह दीपोत्सव हमें सिखाता है कि जैसे एक छोटा सा दिया अंधकार को दूर करता है, वैसे ही सेवा की एक छोटी सी भावना भी समाज में बड़ा बदलाव ला सकती है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे सेवा संकल्प अभियान से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें।

कुलसचिव डॉ. रूप सिंह ने कहा कि यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र प्रथम की भावना का जीवंत उदाहरण है। प्रधानमंत्री जी का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा है कि कैसे दृढ़ इच्छाशक्ति से असंभव को भी संभव बनाया जा सकता है।

निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल ने कहा कि पीजीआईएमएस हमेशा से सेवा को ही अपना धर्म मानता रहा है। दीयों की यह रोशनी स्वास्थ्य, सेवा और सकारात्मकता का संदेश देती है। प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में भारत ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में जो नई ऊंचाइयां हासिल की हैं, वे अभूतपूर्व हैं।

कार्यक्रम के प्रारंभ में जनसंपर्क विभाग के सीनियर प्रोफेसर इंचार्ज डॉ. मंजूनाथ बी.सी. ने सभी अतिथियों, वरिष्ठ चिकित्सकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य युवाओं में सेवा भाव जागृत करना है और पीजीआईएमएस परिवार इसमें बढ़-चढ़कर भाग ले रहा है।

इस अवसर पर डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ एम जी वशिष्ठ, चिकित्सा अधीक्षक डॉ कुंदन मित्तल,डीन छात्र कल्याण dr aprna parmar विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ चिकित्सक, नर्सिंग अधीक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Exit mobile version