चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने मेधावी विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर देने के लिए सुपर-100 कार्यक्रम का दायरा बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री की बजट घोषणा 2026-27 के तहत 100 नई सीटें जोड़ी गई हैं। इन सीटों पर प्रवेश के लिए 9 जुलाई से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो गया है, जबकि चयन दो चरणों में होगा और चयनित विद्यार्थियों की कक्षाएं 25 जुलाई से शुरू होंगी।
विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और सरकारी स्कूलों के मुखियाओं को निर्देश दिए हैं कि पात्र विद्यार्थियों का अधिक से अधिक पंजीकरण सुनिश्चित कराया जाए, जिससे कि ज्यादा से ज्यादा छात्र इस योजना का लाभ उठा सकें। शिक्षा निदेशालय ने कहा कि सभी स्कूल पात्र विद्यार्थियों को योजना की जानकारी दें और अधिकतम आवेदन करवाएं। साथ ही प्रवेश प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार कर हर योग्य छात्र तक इसकी सूचना पहुंचाई जाए।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए 9वीं और 11वीं कक्षा के वार्षिक परीक्षा अंक ऑनलाइन अपलोड करने की अंतिम तिथि 24 जुलाई तक बढ़ा दी है। पहले यह अंतिम तिथि 7 जुलाई थी। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि जिन संबद्ध विद्यालयों ने अभी तक अंक अपलोड नहीं किए हैं, वे अब 24 जुलाई तक यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। बोर्ड ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय तक अंक अपलोड नहीं करने वाले विद्यालयों के विद्यार्थियों को 10वीं और 12वीं की आगामी वार्षिक परीक्षाओं में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
