रोहतक के गांव निंदाना की पिंकी गांव की ही एक महिला मौसम के साथ कपड़े लेने के लिए शोरी मार्केट आईं थीं। पिंकी ने बताया कि सुबह करीब 10:25 पर भिवानी स्टैंड पहुंचीं। यहां से पैदल रोड पार कर किला बाजार की ओर जा रहीं थीं। तभी बाइक सवार दो बदमाश उनका बैग छीनकर ले गए। बैग में 10 हजार रुपए और मोबाइल फोन था। पीड़िता ने शोर मचाया तो आसपास के लोग एकत्रित हो गए। सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही पीड़िता से शिकायत लेकर केस दर्ज किया है।
पिंकी से जिस स्थान पर बदमाशों ने पर्स छीना यह क्षेत्र शहर का सबसे व्यस्त स्थान माना जाता है। वारदात वाले स्थान से कुछ दूरी पर ही पुलिस की तैनाती भी रहती है। बावजूद इसके दिनदहाड़े बदमाश महिला का पर्स लेकर फरार हो गए। उन्हें पुलिस पकड़ तक न सकी। पुलिस इन दिनों विधानसभा चुनाव की तैयारी में व्यस्त है। ऐसे में अपराधी बेखौफ होते जा रहे हैं। पिछले 5 दिनों में बाइकर्स गैंग ने हर दिन लूट की वारदात को अंजाम दिया है। यह स्थिति तब है जब त्योहारी सीजन शुरू होने वाला है। गुरुवार को हिसार रोड पर बाइक सवार जहां नई अनाज मंडी के गेट से कार मिस्त्री से बाइक लूट ले गए थे। वहीं इसी दिन हिसार बाईपास से दो लोगों से मोबाइल फोन लूटा था।

