Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में रिटायर्ड महिला प्रिंसिपल से मॉर्डन किचन के नाम पर 1 लाख की धोखाधड़ी, मोडीफाई करने को ले गया था पैसे; अब दे रहा धमकी

रोहतक शहर में एक रिटायर्ड महिला प्रिंसिपल से किचन को मोडीफाई करने के नाम पर लगभग एक लाख रूपये की ठगी का मामला सामने आया है। जानकारी के लिए आपको बता दे कि महिला को मॉर्डन किचन का शौक है जिसका फायदा उठा शातिर रुपए लेकर चंपत हो गया। अब फोन करके रुपए मांगने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

रोहतक के सेक्टर-4 निवासी अंजू लौहान ने बताया कि वह प्रिंसिपल के पद से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने अपने मकान में मॉर्डन किचन बना रखी है। इसे और मोडीफाई करने की इच्छा रखती थीं। इस बीच उनके मकान पर आए जतिन नाम के युवक ने खुद को पटियाला की एक प्लाईवुड कंपनी का मैनेजर बताया। उसने उनकी किचन देखने के बाद कहा कि इसे और बेहतर बनाने में चार लाख तक का खर्च आएगा। जरूरी सामान लेने के लिए 50 हजार एडवांस देने होंगे। उसकी बातों में आकर महिला ने उसे 50 हजार नगद दे दिए।

आरोपी एक दिन बाद फिर उनके मकान पर आ गया और बोला कि सामान लाने के लिए 50 हजार और रुपए की जरूरत है। उन्होंने आरोपी की अपने पति से बात कराई। पति ने आरोपी से कहा कि अपने मालिक से बात कराइए। इसके बाद आरोपी ने किसी फर्जी मालिक से बात करा दी। झांसे में आने के बाद आरोपी को 50 हजार का चेक और थमा दिया। अभी तक आरोपी किचन में काम करने नहीं आया है। वहीं फोन करके रुपए मांगने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। मामले में जांच कर रही अर्बन स्टेट थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Exit mobile version