सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की राज्य कार्यकारिणी की बैठक कर्मचारी भवन, रोहतक में राज्य प्रधान नरेश शास्त्री की अध्यक्षता तथा महासचिव कृष्ण नैन के संचालन में संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश के कर्मचारियों के पूर्व एवं वर्तमान आंदोलनों की विस्तार से समीक्षा करते हुए आगामी आंदोलन की रणनीति तैयार की गई।
बैठक में नगरपालिका एवं फायर कर्मचारियों की 37 दिन तक चली सफल हड़ताल की समीक्षा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सरकार ने नगरपालिका, फायर तथा बिजली विभाग की यूनियनों के साथ जो लिखित समझौते किए हैं, उन पर सरकार को पूरी तरह खरा उतरना होगा। यदि सरकार ने किसी भी समझौते की एक भी मांग से वादाखिलाफी की या कर्मचारियों में फूट डालने का प्रयास किया तो उसी समय आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।
बैठक में वर्ष 2012 से अब तक नियुक्त सभी कच्चे कर्मचारियों को तीन वर्ष की सेवा के आधार पर नीति बनाकर नियमित करने, पूर्व की नियमितीकरण नीतियों के तहत पात्र कर्मचारियों को पक्का करने तथा अतिथि अध्यापकों को नियमित करवाने के लिए निर्णायक आंदोलन चलाने का आह्वान किया गया।
अतिथि अध्यापकों के लंबे समय से चल रहे आंदोलन के तहत अध्यापक संघ द्वारा 23 सितंबर को प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें अतिथि अध्यापकों सहित सभी कच्चे शिक्षकों को नियमित करने, टीईटी की अनिवार्यता से राहत देने, शिक्षकों से केवल शिक्षण कार्य करवाने तथा स्कूलों के विलय और चिराग योजना पर रोक लगाने की मांग उठाई जाएगी। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ने इस आंदोलन का पूर्ण समर्थन करने का निर्णय लिया।
संघ ने सरकार से पशुपालन विभाग सहित अन्य आंदोलनरत संगठनों के प्रतिनिधियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं का समाधान करने की मांग की। बैठक में 24 सितंबर को पर्यटन विभाग द्वारा फरीदाबाद तथा 27 सितंबर को पशुपालन विभाग द्वारा रादौर में किए जाने वाले प्रदर्शनों का समर्थन किया गया। इसके अतिरिक्त 29 और 30 सितंबर को सेवानिवृत्त कर्मचारियों द्वारा आयोजित 24 घंटे के जिला स्तरीय पड़ावों में सक्रिय सहयोग करने की योजना बनाई गई।
बैठक में बताया गया कि कच्चे कर्मचारियों एवं शिक्षकों को नियमित करने, सभी खाली पदों को स्थायी भर्ती से भरने, निजीकरण पर रोक लगाने, सार्वजनिक विभागों का विस्तार करने, पुरानी पेंशन बहाल करने, आठवें वेतन आयोग की सिफारिशों को शीघ्र लागू करने, बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने तथा टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर 12 दिसंबर को रामलीला मैदान, नई दिल्ली में विशाल राष्ट्रीय रैली आयोजित की जाएगी। इस रैली में हरियाणा से लगभग एक लाख कर्मचारी भाग लेंगे।
रैली की व्यापक तैयारियों के लिए खंड एवं जिला स्तर पर विस्तृत कन्वेंशन आयोजित किए जाएंगे। इनके माध्यम से प्रत्येक कर्मचारी को आंदोलन के लक्ष्यों एवं उद्देश्यों से अवगत करवाया जाएगा। साथ ही, सरकार की कर्मचारी एवं जनविरोधी नीतियों की पोल खोलते हुए विभागीय और सामूहिक आंदोलनों को मजबूत किया जाएगा। बैठक में जनकल्याणकारी विभागों को बचाने की लड़ाई तथा सीजेपी के आंदोलन का समर्थन करने का भी निर्णय लिया गया।
जारीकर्ता
कृष्ण नैन
महासचिव, सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा
मोबाइल : 9812517501


